रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04085 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा आरक्षित विशेष ट्रेन 15 और 17 अक्तूबर को नई दिल्ली से चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04086 कटरा-नई दिल्ली विशेष ट्रेन 16 और 18 अक्तूबर को संचालित होगी। नई दिल्ली से यह ट्रेन दोपहर दो बजे रवाना होकर सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला छावनी, धंधारी कलां, जालंधर छावनी, पठानकोट छावनी, शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर ठहराव के बाद अगले दिन सुबह तीन बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन कटरा से सुबह 10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इसी तरह, गाड़ी संख्या 04485 नई दिल्ली-कटरा आरक्षित विशेष ट्रेन 18 और 20 अक्तूबर को चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04486 कटरा-नई दिल्ली विशेष ट्रेन 19 और 21 अक्तूबर को संचालित होगी। इस ट्रेन में वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी के डिब्बे होंगे। नई दिल्ली से यह ट्रेन दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह तीन बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में कटरा से सुबह 10 बजे चलकर अगले दिन रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
मालदा टाउन से हरिद्वार के बीच भी विशेष ट्रेन
रेलवे ने मालदा टाउन और हरिद्वार के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। गाड़ी संख्या 03437 मालदा टाउन-हरिद्वार विशेष ट्रेन 17, 24 और 31 अक्तूबर तथा सात, 14, 21 और 28 नवंबर को संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03438 हरिद्वार-मालदा टाउन विशेष ट्रेन 18 और 25 अक्तूबर तथा एक, आठ, 15, 22 और 29 नवंबर को चलेगी। मालदा टाउन से यह ट्रेन सुबह 10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम पांच बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
कटरा विशेष ट्रेन के 12 अतिरिक्त फेरे
इसके अलावा, गाड़ी संख्या 04081/04082 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा आरक्षित विशेष एक्सप्रेस के संचालन की अवधि भी बढ़ाई गई है। नई दिल्ली से यह ट्रेन 26 अक्तूबर से छह नवंबर तक और कटरा से 27 अक्तूबर से सात नवंबर तक संचालित होगी। इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में 12-12 अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं। इसमें वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे।