नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मांगों को लेकर रेल कर्मियों ने भूख हड़ताल किया। इसमें बड़ी संख्या में रेल कर्मी शामिल हुए। भूख हड़ताल के तहत ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन व नार्दन रेल मेंस यूनियन से जुड़े रेल कर्मी 72 घंटे तक तक निराहार रहेंगे।
यूनियन के उपाध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि रेल के निजीकरण के विरोध, न्यू पेंशन स्कीम में विसंगतियां, वेतन में वृद्धि, रनिंग भत्ता में बढ़ोतरी सहित अन्य मांगों को लेकर रेलकर्मी भूख हड़ताल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारियों को उनके मेहनत का पारितोषिक नहीं मिल रहा है। जबकि वे 24 घंटे ऑन ड्यूटी रहते हैं। ट्रेनों के लेट होने पर चालक व गार्ड का ड्यूटी ऑवर बढ़ जाता है। इसके बावजूद उन्हें काम के अनुसार भत्ता नहीं मिलता। रेलवे अगर उनकी मांग को नहीं मानता है तो आंदोलन और तेज करेंगे।