देशभर में लॉकडाउन के बीच रेलवे पूरे देश में जरूरी सामानों की आपूर्ति कर रहा है। पार्सल ट्रेन को समय-सारणी से चलाकर हर तरीके का खाद्य सामग्री समय पर एक से दूसरी जगहों पर पहुंचा रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण के दौर में भी रेलवे के ये कोरोना योद्धा प्रतिदिन 77 से अधिक मालगाड़ी से 1853 टन जरूरी सामान की आपूर्ति कर रहे हैं।
लॉकडाउन से अभी तक रेलवे ने 20 हजार 474 टन सामान की आवाजाही कुल 522 मालगाड़ी से की है। इस दौरान रेलवे ने 7.54 करोड़ रुपये मुनाफा भी कमाया है। वहीं, पार्सल ट्रेनों के लिए रेलवे ने करीब 65 मार्गों को चिह्नित किया है। देशभर में जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए 458 पार्सल ट्रेनों की समय सारणी भी जारी की गई है। स्थानीय उद्योग, ई-कॉमर्स कंपनियां, इच्छुक समूह व व्यक्ति और अन्य संभावित लोडर इन ट्रेनों में पार्सल बुक करा रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, लॉकडाउन के दौरान दूध, आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, मास्क, डेयरी प्रोडक्ट, फल और सैनिटाइजर समेत कई जरूरी वस्तुओं निर्बाध आपूर्ति की जा रही है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चैन्नई, बंगलूरू, हैदराबाद, नार्थ-इस्ट, जम्मू के बीच संपर्क स्थापित कर जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है।