नोटबंदी के बाद काले धन को सफेद करने के उपायों को टीवी पर दिखाते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के आदेश के बाद बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने आयकर विभाग के साथ मिलकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की।
कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मानें तो पाकिस्तानी गायक राहत फतेह अली खान, फवाद खान व कई अन्य कलाकारों के मैनेजरों के यहां भी पुलिस की रेड हुई। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि नोटबंदी के बाद लोगों ने काले धन को सफेद बनाने के तरह-तरह के उपाय शुरू कर दिए हैें। इसी क्रम में कुछ टीवी चैनलों ने स्टिंग कर दिखाया कि कुछ लोग कमीशन लेकर 500 और 1000 के पुराने नोटों के बदले नए नोट दिलवाने के दावे कर रहे हैें।