फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: जुए के अड्डे पर छापा, भगदड़ में चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी की मौत

Tue, 15 Oct 2019 04:33 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
मृतक आशीष (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में रविवार रात जुए के अड्डे पर पुलिस रेड के दौरान मची भगदड़ में एक कारोबारी चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। हालांकि पुलिस ने इससे इंकार किया है। पुलिस ने सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मौके से पांच लोगोें को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञापन


मृतक की शिनाख्त आशीष राठौड़ (42) के रूप में हुई है। आशीष की मौत को परिजन साजिश के तहत हत्या बताकर उसकी जांच कराने की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि छापेमारी के समय आशीष के पास करीब ढाई लाख रुपये थे, लेकिन मौत के बाद उसके पास से 25 हजार 500 रुपये ही मिले हैं। परिजनों ने आशीष को अस्पताल देर से पहुंचाने का आरोप भी पुलिस पर लगाया है।

पुलिस के मुताबिक आशीष राठौड़ (42) अपने परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर के जगजीत नगर में रहता था। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे व अन्य लोग हैं। आशीष की गत्ते की फैक्टरी है। रविवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ प्रधान टावर, शेरपुर चौक पर स्थित चार मंजिला मकान में जुआ खेलने गया था। इस बीच रात करीब आठ बजे दयालपुर थाना पुलिस ने वहां छापा मारा। उस वक्त मकान में करीब 40 लोग जुआ खेल रहे थे।
विज्ञापन


खबर मिलते ही वहां भगदड़ मच गई। कुछ लोग नीचे भागे तो कुछ चौथी मंजिल स्थित छत पर भागे। इस दौरान आशीष चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। रात 11 बजे जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई।

विज्ञापन

समय पर ले जाते अस्पताल तो बच जाती जान

परिजनों ने आरोप लगाया कि आशीष गली में डेढ़ घंटे पड़ा रहा, समय पर उसे अस्पताल ले जाया गया होता तो जान बच सकती थी। वहीं, पुलिस अधिकारी परिवार के आरोपों से इनकार कर रहे हैं, उनका कहना है कि सवा नौ बजे आशीष के गिरने का पता चला था। एंबुलेंस का इंतजार न करते हुए उसे एक ऑटो से अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस की मिलीभगत से चल रहा जुए का अड्डा...

आशीष के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मकान मालिक पुलिस की मिली भगत से जुए का अड्डा चला रहा था। परिवार के मुताबिक आशीष दूसरी बार वहां जुआ खेलने गया था। घर से वह दो लाख रुपये लेकर गया था। इसके अलावा उसने अपने दोस्त से 50 हजार रुपये उधार भी लिए थे। जुए के अड्डे पर आशीष का किसी से झगड़ा भी हुआ था। उन्हें आशंका है कि आशीष को किसी साजिश के तहत नीचे धक्का दिया गया है। यह हादसा नही बल्कि हत्या है। परिवार ने मामले की जांच कराने की मांग की।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त,वेद प्रकाश सूर्या ने बताया कि, सूचना के बाद दयालपुर पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर वहां से पांच लोगों को दबोचा। आशीष को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया था, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें