दिल्ली मुख्यमंत्री 11 जून से उपराज्यपाल अनिल बैजल के दफ्तर पर धरना दे रहे हैं। इस मामले पर जहां आज केजरीवाल सरकार को हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी झेलनी पड़ी वहीं उनके धरने को कई विपक्षी दलों का समर्थन मिल चुका है।
इस मामले पर कांग्रेस की तरफ से कई बयान आ चुके हैं लेकिन 7 दिनों तक इस मामले पर चुप रहने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ने आज चुप्पी तोड़ी है। राहुल गांधी ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि अराजकता फैल रही है और पूरे मामले पर पीएम आंख बंद किए हुए हैं।
अपने एक ट्वीट से राहुल गांधी ने न सिर्फ केजरीवाल को बल्कि पीएम मोदी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, दिल्ली के मुख्यमंत्री एलजी दफ्तर पर धरना दे रहे हैं। बीजेपी के लोग मुख्यमंत्री आवास पर धरना दे रहे हैं। दिल्ली के अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। अराजकता और अव्यवस्था फैल रही है लेकिन प्रधानमंत्री पूरे मामले की ओर आंखें बंद किए हुए हैं। दिल्ली की जनता बेहाल है क्योंकि ये सारा ड्रामा चल रहा है।