तीन गाय व एक बछड़े को गोकशी के लिए ले जाने की सूचना पर जुटी भीड़ ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। घायल को हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति है। इसे देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया है।
सोमवार दोपहर गांव बझैड़ा खुर्द निवासी कुछ महिलाएं जंगल में चारा काटने गईं थीं। वहां उन्होंने चार लोगों को तीन गायों व एक बछड़े को जंगल के रास्ते से ले जाते हुए देखा। इस पर महिलाओं ने गांव में पहुंचकर लोगों को मामले की जानकारी दी। गायों को गोकशी के लिए ले जाने की सूचना कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई। सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण एकत्र होकर मौके पर पहुंच गए। भीड़ को आता देखकर उक्त लोगों ने गायों को मौके पर छोड़कर भागने का प्रयास किया। मगर, ग्रामीणों ने घेराबंदी करते हुए दो लोगों को दबोच लिया। अन्य दो लोग ग्रामीणों पर फायरिंग करते हुए भाग गए। भड़की भीड़ ने दोनों व्यक्तियों से जमकर पिटाई कर दी, जिसमें दोनों घायल होकर लहूलुहान हो गए। मामले की जानकारी दोनों सुमदायों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों की ओर से पथराव होने की भी जानकारी मिली है।
सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन कुमार व कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों समुदायों के लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने घायलों को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि घायल मोहल्ला सद्दीकपुरा (45) निवासी कासिम की उपचार के दौरान मौत हो गई है। वहीं गांव मदापुर निवासी समयद्दीन की हालत गंभीर देखते हुए उसे हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से दो गाय एवं एक बछिया बरामद की है। मृतक के परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर है। आज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।