सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी और युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा उठाया, संसद में आवाज उठाने का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को नई दिल्ली में ऑटो चालकों के बीच पहुंचे और उनके साथ बैठकर लंच किया। बंगाली मार्केट के पास टोडरमल रोड स्थित पार्क में उन्होंने करीब आधे घंटे तक ऑटो चालकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान राहुल गांधी ऑटो चालक की वर्दी में भी नजर आए और अनौपचारिक तरीके से लोगों से संवाद किया।
मुलाकात के दौरान ऑटो चालकों ने बढ़ती महंगाई, सीएनजी की लगातार बढ़ रही कीमतों और रोजगार संकट का मुद्दा उठाया। एक ऑटो चालक ने बताया कि राहुल गांधी अचानक उनके बीच पहुंचे, साथ बैठकर खाना खाया और सभी की परेशानियां सुनीं। चालकों ने कहा कि उनके बच्चे पढ़-लिख तो गए हैं, लेकिन उन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इस पर राहुल गांधी ने आश्वासन दिया कि वे संसद में उनके मुद्दों को उठाएंगे।
ऑटो चालकों ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से उनकी आमदनी प्रभावित हो रही है और परिचालन लागत बढ़ती जा रही है। गौरतलब है कि राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल, डीजल और खासकर सीएनजी की कीमतों में वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं।