नई दिल्ली। इंडिया हैबिटेट सेंटर के स्टीन ऑडिटोरियम में शुक्रवार शाम संगीत, सुर और मधुर धुनों से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदीप्तो सेनगुप्ता म्यूजिकल एकेडमी की तरफ से आयोजित मैंडोलिन वंडर्स ऑर्केस्ट्रा संगीतमय शाम ने राजधानी के संगीत प्रेमियों को एक अनूठे वाद्य संगीत अनुभव से रूबरू कराया। इस विशेष कार्यक्रम में प्रसिद्ध मैंडोलिन वंडर्स ऑर्केस्ट्रा ने प्रस्तुति दी।
जाने-माने मैंडोलिन उस्ताद प्रदीप्तो सेनगुप्ता के नेतृत्व में 11 कुशल मैंडोलिन वादकों ने अपनी सामूहिक प्रस्तुति से सभागार को सुरमय बना दिया। कार्यक्रम में रूह को छू लेने वाली धुनों, ऑर्केस्ट्रा के बेहतरीन सामंजस्य और बॉलीवुड के सदाबहार गीतों का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने दर्शकों को पूरे समय बांधे रखा। ऑर्केस्ट्रा की विशेषता यह रही कि इसमें देश के विभिन्न राज्यों और अलग-अलग पेशों से जुड़े कलाकारों ने भाग लिया, वहीं कुछ अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी इस संगीतमय यात्रा का हिस्सा बने। विविध पृष्ठभूमियों से आए कलाकारों की एकजुट प्रस्तुति ने संगीत की सार्वभौमिकता को खूबसूरती से सामने रखा।