मंगलवार तड़के मंडावली थाना पुलिस को अक्षरधाम मंदिर की सुरक्षा में तैनात आरएसी के जवान के खुद को गोली मारने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मेट्रो स्टेशन के पास अक्षरधाम मंदिर पोस्ट बूथ नंबर एक पर तैनात जवान दिनेश ने खुद को एसएलआर हथियार से गोली मारी थी। वह बूथ पर जमीन पर बैठे हुए हालत में मिला। उसकी गर्दन में गोली लगी थी। पुलिस ने तुरंत उसे पास के अस्पताल में लेकर गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिवार वालों को दे दी। कपड़े के तलाशी के दौरान उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नोट में उसने घरेलू कारणों की वजह से खुदकुशी की बात लिखी है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट में लिखी गई बातों की छानबीन की जा रही है। मृतक के परिवार वालों के दिल्ली आने के बाद ही खुदकुशी के कारणों का खुलासा हो पाएगा।