भारत स्काउट गाइड अपनी महत्वपूर्ण गतिविधियों से क्वारंटीन लोगों को तनावमुक्त कर रहा है। अब तक लगभग एक हजार लोगों का तनाव दूर कर उनके चेहरों पर हंसी लाई गई है।
शहर के तमाम शेल्टर होम के अंदर लोगों को क्वारंटीन किया हुआ है। भारत स्काउट गाइड ऐसे लोगों के बीच रैपिड गेम करा रहा है और कैंप फायर के माध्यम से उनसे गाने गंवा रहा है, इन गतिविधियों के बीच उनके कौशल का पता भी चल रहा है।
भारत स्काउट गाइड के निदेशक आरके कौशिक ने बताया कि पहले इन लोगों को ताकत पूर्वक सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा रहा था, लेकिन इस तरह की गतिविधियां शुरू होने के बाद अब लोग खुद ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसा केवल सुबह-शाम दो घंटे की मेहनत के बाद ही संभव हो गया। सुबह एक घंटे ये सारी गतिविधियां और शाम को एक घंटे बस फिल्म दिखाई जाती है। भारत स्काउट गाइड ने रामजस ग्रुप के साथ मिलकर करोल बाग स्थित अपने ही एक शेल्टर होम में क्वारंटीन लोगों के लिए ये गतिविधियां शुरू की थीं, जिसको देखकर डीसीपी सेंट्रल दिल्ली ने उनसे संपर्क किया।
आरके कौशिक ने बताया कि एडीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट सिकंदर सिंह ने उन्हें पत्र लिखकर अन्य शेल्टर होम में भी लोगों को इसी प्रकार प्रशिक्षित करने का आग्रह किया, जिसके बाद से द्वारका क्षेत्र में चार, पहाड़गंज में दो, करोल बाग में दो और आईपी स्टेट थाने में दो शेल्टर होम में क्वारंटीन लगभग साढ़े आठ सौ से एक हजार लोगों को तनाव मुक्त किया जा रहा है।
इस काम को भारत स्काउट गाइड के कर्मचारियों के अलावा वॉलंटियर्स अंजाम दे रहे हैं, जिससे गुमसुम हो चुके लोग अब हंसी मजाक करने लगे हैं। लोगों के चेहरों पर फिर खुशी लौट रही है।