ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी पीवी सिंधू के कोच गोपीचंद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैडमिंटन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की जरूरत है। देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें सिर्फ सुविधाओं और प्रोत्साहन चाहिए। उन्होंने कहा कि पीवी सिंधू काफी मेहनती और समझदार खिलाड़ी है।
गोपीचंद ने यह बात मंगलवार को सेक्टर-18 उद्योग विहार स्थित मारुति सुजुकि इंडिया लिमिटेड के प्लांट में कही। वह यहां आयोजित लर्निंग फेस्ट में बतौर मुख्य अतिथि आए थे। मारुति उद्योग कामगार यूनियन के महासचिव कुलदीप जांघू ने बताया कि गोपी चंद ने कर्मचारियों के साथ सेल्फी खिंचवाई।
उन्होंने सभी को हमेशा सकारात्मक रहने को कहा और अपने जीवन के अनुभव को बांटा। कहा कि जीवन में कोई भी चीज आसानी से नहीं मिलती है। उसे पाने के लिए सही रास्ते पर चलते हुए प्रयास करना होता है।
उन्होंने कहा कि गुरु और वक्त दोनों सिखाते हैं। दोनों में फर्क इस बात का है कि गुरु सिखाने के साथ-साथ सीखता भी है। वहीं वक्त तमाम इम्तहान लेकर सिखाता है। कोच ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ शारीरिक फिटनेस पर भी ध्यान देने की जरूरत है। बैडमिंटन के प्रति सरकार की सोच सकारात्मक है। मगर इसे और आगे बढ़ाने की जरूरत है।