फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farmers Protest Live Updates: किसानों का आंदोलन : दिल्ली-करनाल हाईवे पर संघर्ष जारी, सिंघु बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात

Thu, 26 Nov 2020 07:10 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब, हरियाणा व राजस्थान के किसान 26 से 28 नवंबर तक के लिए 'दिल्ली कूच' पर निकले हैं। गुरुवार को इनके दिल्ली प्रवेश को रोकने के लिए दिल्ली-हरियाणा सीमा पर पुलिस व सुरक्षा बलों की तैनाती व बैरिकेड आदि लगाकर सख्त इंतजाम किए गए हैं। आज सुबह पंजाब के किसान पटियाला अंबाला हाईवे पर किए गए बैरिकेड को तोड़ते हुए और वाटर कैनन व आंसू गैस के गोले झेलते हुए आगे बढ़े। जब ये किसान हरियाणा के सादोपुर पहुंचे तो इन्हें एक बार फिर वाटर कैनन की बौछारें झेलनी पड़ीं। इस वक्त दिल्ली की सभी सीमाओं पर लंबे जाम लगे हुए हैं और दिल्ली में प्रवेश के लिए आम आदमी को भी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। दूसरी तरफ गुरुग्राम में योगेंद्र यादव ने किसान मोर्चा को दिल्ली कूच के लिए बुलाया था, लेकिन वहां पहुंचे सभी लोगों को हिरासत में ले लिया गया। हरियाणा में धारा 144 लागू कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं। ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है। दिल्ली कूच में एक लाख किसानों के जुटने का दावा किया जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें रोका गया तो वे दिल्ली जाने वाले सारे रास्ते जाम कर देंगे। इधर किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए डीएमआरसी ने एनसीआर से दिल्ली जाने वाली सभी मेट्रो सेवाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं। पढ़ें दिनभर का अपडेट...
विज्ञापन
करनाल में किसानों पर किया गया वाटर कैनन से बौछार - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:10 PM, 26-Nov-2020

दिल्ली जाने से रोकने पर किसानों संग धरने पर बैठीं मेधा पाटकर

किसानों के आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने से रोके जाने पर सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर गुरुवार को आगरा-धौलपुर बॉर्डर पर धरना देकर बैठ गईं। उनके साथ लगभग 500 किसान भी हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ज्यादती कर रही है, किसानों की आवाज दबेगी नहीं। उधर, धरना प्रदर्शन से आगरा-ग्वालियर रोड पर ट्रैफिक जाम हो गया। वाहनों की पांच किमी. लंबी कतार लग गई। लोगों की परेशानी देख दोपहर दो बजे किसानों ने एक लेन खोल दी।

नर्मदा बचाओ अभियान की प्रमुख एवं अखिल भारतीय किसान संगठन समन्वय समिति की संचालक मेधा पाटकर ने कहा कि उनकी  मांग है कि कर्नाटक में गिरफ्तार किए गए 80 किसानों की रिहाई की जाए, कृषि बिल की वापसी हो, कोरोना के नाम पर घर भेजे गए मजदूरों को वापसी का पैसा दिया जाए। 

06:22 PM, 26-Nov-2020

किसानों को रोकना संविधान द्वारा दिए अधिकारों का हनन हैः कैप्टन अमरिंदर

कैप्टन अमरिंदर सिंह किसानों के प्रदर्शन को रोकने के प्रयास पर कहा है कि किसान केंद्र के लाए कानून के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। आप एक शख्स को देश की राजधानी जाकर, जहां उसकी संसद है प्रदर्शन करने और अपने मत रखने से नहीं रोक सकते। आप उन्हें क्योंकि रोक रहे हैं।
 
 

06:21 PM, 26-Nov-2020

आज पंजाब का 26/11 हैः सुखबीर बादल

सुखबीर सिंह बादल ने ट्वीट करते हुए कहा है कि आज पंजाब का 26/11 है। आज लोकतांत्रिक अधिकारों के अंत होने के गवाह बन रहे हैं। अकाली दल हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार द्वारा किसानों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दमन की निंदा करती है।
 

विज्ञापन
05:46 PM, 26-Nov-2020

डीएमआरसी ने सूचना जारी की है कि किसानों के आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से कल भी एनसीआर से दिल्ली आने वाली मेट्रो सेवाएं स्थगित रहेंगी। हालांकि दिल्ली से एनसीआर के स्टेशनों को जाने वाली मेट्रो सेवाएं सुचारु रूप से चलेंगी।
 

05:22 PM, 26-Nov-2020

बहादुरगढ़ से दिल्ली आने वाला रास्ता किया बंद

किसानों के प्रदर्शन के चलते बहादुरगढ़ से दिल्ली आने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है।

विज्ञापन
05:08 PM, 26-Nov-2020

सुखबीर सिंह बादल ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर लगाया आरोप

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने किसानों के आंदोलन पर कहा है कि किसान अपनी लड़ाई किसी राजनीतिक झंडे के अधीन नहीं लड़ना चाहते। सभी पार्टियों से जुड़े किसान कृषि बिल के मुद्दे पर एक साथ हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस मामले में बहुत ही ढुलमुल रवैया अपनाया है क्योंकि उन्होंने बिल्कुल भी प्रदर्शन नहीं किया। सुखबीर सिंह बादल ने कहा मुख्यमंत्री को केंद्र पर दबाव डालना चाहिए था। दिल्ली जाकर बैठकें करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मैं हरियाणा के किसानों से भी अपील करता हूं कि वो पंजाब के किसानों के साथ आएं और उनका समर्थन करें।
 

04:46 PM, 26-Nov-2020

करनाल में किसानों पर वाटर कैनन से की गई पानी की बौछार

करनाल में किसानों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने उन पर वाटर कैनन से पानी की बौछार की। यहां पर भी पूरे हरियाणा से भारी मात्रा में किसान सुबह से इकट्ठा हुए हैं।
 



 

04:33 PM, 26-Nov-2020

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लगा लंबा जाम

दिल्ली गुरुग्राम बॉर्डर पर वाहनों का लंबा जाम लग गया है क्योंकि किसानों के आंदोलन के चलते वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही है।
 

04:23 PM, 26-Nov-2020

हरियाणा सरकार द्वारा जगह-जगह बैरिकेडिंग कर किसानों को रोकने के प्रयास की निंदा करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय से एक बयान जारी किया गया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों को जबरन की निंदा की है। उन्होंने पूछा है कि खट्टर सरकार क्यों बल का प्रयोग कर किसानों को रोक रही है, यह असंवैधानिक और अलोतांत्रिक है। 

इस पर सीएम मनोहर लाल खट्टर ने जवाब दिया है कि एमएसपी में कोई परेशानी हुई तो मैं पहले ही कह चुका हूं कि राजनीति से सन्यास ले लूंगा। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर से कहा कि मैं आपसे तीन दिन से मिलने की कोशिश कर रहा हूं लेकिन आपसे संपर्क ही नहीं हो पा रहा। किसानों को मत उकसाइए।

 

04:09 PM, 26-Nov-2020

केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर की अपील- किसान भाई बंद करें आंंदोलन, बात कर सुलझाएं समस्या

किसानों के आंदोलन पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा है कि, नए कृषि कानून समय की मांग हैं। आने वाले समय में यह क्रांतिकारी परिवर्तन लाने वाले हैं। हमने पंजाब में सचिव स्तर की वार्ता की है कि वहां हमारे किसान भाइयों के बीच गलत बातें फैलानी बंद हों। हम तीन दिसंबर को बात करेंगे। कृषि मंत्री ने आगे कहा कि मैं अपने किसान भाइयों से कहता हूं कि वह आंदोलन न करें। हम उनके मुद्दों पर बात करने को तैयार हैं और समस्याओं को सुलझाने के पक्ष में हैं। मुझे उम्मीद है कि हमारी बात का सकारात्मक परिणाम निकलेगा।
 

04:01 PM, 26-Nov-2020

सिंघु बॉर्डर पर भारी सुरक्षा बल तैनात, ड्रोन से रखी जा रही निगरानी

दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। हर वाहन की चेकिंग अब भी जारी है। ड्रोन्स से भी निगरानी रखी जा रही है। सिंघु बॉर्डर पर तैनात दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि कोई भी किसानों का समूह इधर की ओर नहीं आ रहा है। हम वाहनों की जांच कर रहे हैं।
 

03:18 PM, 26-Nov-2020

दिल्ली से एनसीआर जा रही है मेट्रो, एनसीआर से दिल्ली की सेवाएं हैं बंद

डीएमआरसी ने जानकारी दी है कि दिल्ली से एनसीआर के लिए सेवाएं तो जारी हैं लेकिन एनसीआर से दिल्ली आने वाली मेट्रो सेवा स्थगित है जो अगले आदेश तक जारी रहेगा।

03:02 PM, 26-Nov-2020

नोएडाः चेकिंग के चलते लिंक रोड पर लगा लंबा जाम

नोएडा में चिल्ला बॉर्डर सख्त चेकिंग के चलते लिंक रोड पर लंबा जाम लग गया है।
 
 

02:04 PM, 26-Nov-2020

दो बजे के बाद भी दिल्ली से बाहर नहीं जाएगी मेट्रो

सुरक्षा कारणों के मद्देनजर डीएमआरसी ने तय किया है कि दोपहर 2.00 बजे के बाद भी मेट्रो दिल्ली की सीमा के बाहर नहीं जाएगी। यह फैसला अनिश्चितकाल के लिए लिया गया है। अगले फैसले तक दिल्ली के बाहर मेट्रो सेवा स्थगित रहेगी।

01:59 PM, 26-Nov-2020

राहुल गांधी ने ट्वीट कर किया किसानों का समर्थन

हरियाणा सरकार द्वारा रोके जा रहे किसानों के समर्थन में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी सामने आए हैं। उन्होंने ट्वीट कर किसानों को एक कविता के माध्यम से अपना समर्थन दिया है। राहुल गांधी ने लिखा, 'नहीं हुआ है अभी सवेरा, पूरब की लाली पहचान चिड़ियों के जगने से पहले, खाट छोड़ उठ गया किसान काले कानूनों के बादल गरज रहे गड़-गड़, अन्याय की बिजली चमकती चम-चम मूसलाधार बरसता पानी, जरा ना रुकता लेता दम! मोदी सरकार की क्रूरता के खिलाफ देश का किसान डटकर खड़ा है।'
 

01:48 PM, 26-Nov-2020

सादोपुर बॉर्डर पर किसानों की गईं पानी की बौछारें

हरियाणा में प्रवेश कर चुके किसान सादोपुर बॉर्डर तक पहुंच चुके हैं, जहां उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। जब किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया तो सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
 
 

01:20 PM, 26-Nov-2020

गाजियाबादः भाकियू अंबावत से जुड़े किसानों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

किसान बिल समेत अन्य मांगों को लेकर दिल्ली की तरफ जा रहे भारतीय किसान यूनियन अम्बावत से जुड़े किसानों को पुलिस प्रशासन ने गाजियाबाद के मोहन नगर चौराहे पर रोक लिया। संगठन के पदाधिकारियों से एएसपी केशव कुमार बातचीत कर समाधान निकालने में जुटे रहे। करीब डेढ़ घंटे की वार्ता के बाद किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन एसीएम सेकंड विनय सिंह और एएसपी केशव कुमार को सौेंप दिया।

01:12 PM, 26-Nov-2020

किसान विरोध: दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ी

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों द्वारा 'दिल्ली चलो' विरोध मार्च के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी निगरानी सख्त कर दी। पुलिस ने कहा कि सिंघु सीमा पर दिल्ली पुलिस ने किसानों द्वारा संचालित ट्रैक्टरों की आवाजाही रोकने के लिए रेत से भरे ट्रकों को तैनात किया है। यह पहला मौका है जब शहर की पुलिस ने सीमा पर रेत से भरे ट्रकों को तैनात किया है। पुलिस ने बताया कि सीमा को सील नहीं किया गया है लेकिन वे राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की जांच कर रहे हैं। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने 26 और 27 नवंबर को केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शन करने के विभिन्न किसान संगठनों के अनुरोधों को अस्वीकार कर दिया था।

01:08 PM, 26-Nov-2020

जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग और वाटर कैनन तैनात

जंतर-मंतर पर एहतियात के तौर पर बैरिकेडिंग की गई है। यहां पर वाटर कैनन भी तैनात हैं लेकिन कोई किसान यहां नहीं है।



12:48 PM, 26-Nov-2020

यूपी-दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट

गाजियाबाद बॉर्डर पर एसएसपी कलानिधि नैथानी पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। वहीं कोंडली यूपी बॉर्डर पर कोई बैरिकेडिंग नहीं है, हालांकि पुलिस अलर्ट पर है। बैरिकेडिंग न होने से यहां का यातायात भी सामान्य रूप से चल रहा है।

12:31 PM, 26-Nov-2020

योगेंद्र यादव हिरासत में

गुरुग्राम के बिलासपुर में योगेंद्र यादव ने आज किसान मोर्चा से जुड़े किसानों का दिल्ली कूच के लिए आह्वान किया था। गुरुग्राम पचगांव व कापड़ीवास के बीच राठीवास गांव मोड़ के पास से योगेंद्र यादव सहित किसानों हिरासत में लिया गया है। योगेंद्र यादव के आह्वान पर पर बड़ी संख्या में राजस्थान और हरियाणा से किसान पहुंचे थे।

12:30 PM, 26-Nov-2020

करनाल में जुटे किसान

करनाल के करना झील के पास हजारों की संख्या में किसान जुट गए हैं और वह दिल्ली की ओर कूच करने का प्रयास कर रहे हैं।
 

 

12:28 PM, 26-Nov-2020

किसानों पर दागे आंसू गैस के गोले

वीडियो में सुरक्षा बल शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर आंसू गैस के गोले दागते दिख रहे हैं।
 

12:02 PM, 26-Nov-2020

फरीदाबाद में बॉर्डर पर सख्ती, कई जगह लगा जाम

किसान आंदोलत के चलते बंद की गई मेट्रो सेवा की जानकारी न होने से फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन पर यात्री परेशान रहे। वहीं फरीदाबाद में बदरपुर बॉर्डर पर वाहनों की जांच की जा रही है जिससे लंबा जाम लग गया। जाम लगने के चलते बदरपुर बॉर्डर से यात्री पैदल निकले। दूसरी ओर फरीदाबाद में सराय ख्वाजा के पास बाईपास रोड पर भी चेकिंग के चलते जाम लग गया। होडल में यूपी हरियाणा बार्डर के गांव करमन में वाहनों की जांच डीएसपी, थाना प्रभारी कर रहे हैं। यहां भारी पुलिस बल तैनात है। यहां हर वाहन को रोक कर पुलिस चेकिंग नहीं कर रही है। जिन वाहनों पर पुलिस को शक हो रहा है, उन्हें रोककर तलाशी कर रही है। फरीदाबाद में बदरपुर बॉर्डर पर पुलिस द्वारा चेकिंग करने से जाम लग गया है। वहीं बदरपुर बॉर्डर पर ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।

11:49 AM, 26-Nov-2020

गाजियाबादः यूपी गेट फ्लाईओवर से निकाला जा रहा दिल्ली आने वाला ट्रैफिक

गाजियाबाद के इंदिरापुरम, नोएडा, हापुड़, खोड़ा से दिल्ली की ओर से आने वाले ट्रैफिक को यूपी गेट फ्लाईओवर से निकाला जा रहा है। नीचे से ट्रैफिक को बंद किया गया गया है।

11:36 AM, 26-Nov-2020

अंबाला से हरियाणा में दाखिल हुए किसान

पंजाब के किसान अंबाला के रास्ते हरियाणा में प्रवेश कर चुके हैं और यह किसी भी हालत में पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। वहीं कुछ किसानों ने शंभू बॉर्डर पर पत्थरबाजी भी की थी जो ताजा वीडियो में सामने आया है।
 
 

11:32 AM, 26-Nov-2020

रोहतक-झज्जर सीमा पर कड़ी सुरक्षा

किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए रोहतक झज्जर सीमा पर भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
 

 

11:27 AM, 26-Nov-2020

किसानों की आवाज सुनने की बजाए सरकार उन पर ठंड में पानी की बौछार मार रहीः प्रियंका गांधी

किसानों को रोकने और ठंड के मौसम में उनपर वॉटर कैनन से पानी की बौछार करने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, 'किसानों से समर्थन मूल्य छीनने वाले कानून के विरोध में किसान की आवाज सुनने की बजाए भाजपा सरकार उन पर भारी ठंड में पानी की बौछार मारती है। किसानों से सबकुछ छीना जा रहा है और पूंजीपतियों को थाल में सजा कर बैंक, कर्जमाफी, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन बांटे जा रहे हैं।'
 

11:25 AM, 26-Nov-2020

दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर भी सुरक्षा कड़ी, कुछ रूट डायवर्ट

किसानों के दिल्ली कूच करने की सूचना पर गाजियाबाद के यूपी गेट के पास दिल्ली की तरफ अर्धसैनिक पुलिस बल और सीआईएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं डाबर तिराहे से रूट डाइवर्ट किया गया है और वाहन महाराजपुर बॉर्डर से दिल्ली की ओर भेजे जा रहे हैं। इसी के चलते लिंकरोड पर भी वाहनों की कतार लग गई है।

https://youtu.be/6PorHscTF_s

11:13 AM, 26-Nov-2020

पुलिस दोबारा छोड़ रही आंसू गैस के गोले

अंबाला-पटियाला के शंभू बॉर्डर पर पुलिस इस वक्त प्रदर्शनकारी किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। जिससे कुछ भगदड़ मच गई है। हालांकि इन सबके बावजूद किसान वहां डटे हुए हैं और कह रहे हैं कि भले ही पुलिस के वॉटर कैनन का पानी खत्म हो जाए लेकिन हम आगे बढ़कर रहेंगे।

11:12 AM, 26-Nov-2020

करनाल में जुटे हरियाणा के किसान

एक ओर जहां पंजाब के किसान अंबाला से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं हरियाणा के किसान भी करनाल में इकट्ठा हो गए हैं। एक प्रदर्शनकारी का कहना है कि पुलिस ने सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी है। आम लोगों को इससे परेशानी हो रही है। प्रशासन को रोड बंद नहीं करना चाहिए था।
 

11:06 AM, 26-Nov-2020

आगे न जाने की अनुमति न देने पर हरियाणा सरकार ने नाराज हुए किसान

शंभू बॉर्डर से आगे निकलकर किसान नदी पर बने एक पुल पर जमा हो गए हैं और हरियाणा सरकार द्वारा आगे न जाने दिए जाने पर उनसे नाराजगी जाहिर की है। किसान अपने साथ कुछ पुरानी गाड़ियां लेकर आए हैं और उसे धक्का देकर आगे ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 
 

 

10:51 AM, 26-Nov-2020

शंभू बॉर्डर पर किसानों पर छोड़े आंसू गैस के गोले और वॉटर कैनन

बड़ी संख्या में किसान शंभू बॉर्डर पर जुटे हैं और दिल्ली की ओर बढ़ रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोलों और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद गुस्साए किसानों ने सभी बैरिकेड को उठाकर नदी में फेंक दिया और अब किसान आगे बढ़ रहे हैं।
 

 

10:19 AM, 26-Nov-2020

किसानों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'केंद्र सरकार के तीनों खेती बिल किसान विरोधी हैं। ये बिल वापिस लेने की बजाय किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, उन पर वॉटर कैनन चलाई जा रही हैं। किसानों पर ये जुर्म बिलकुल गलत है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन उनका संवैधानिक अधिकार है।'

10:09 AM, 26-Nov-2020

गुरुग्राम के सरोल बॉर्डर पर लगा एक किलोमीटर लंबा जाम

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग के चलते सरोल बॉर्डर पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। इस बॉर्डर पर दिल्ली जाने वाले हर वाहनों की जांच की जा रही है, जिसके चलते लंबा जाम लगा है। वहीं दिल्ली से गुरुग्राम जाने वालों को परेशानी नहीं हो रही है। दूसरी तरफ मेट्रो सेवाएं बंद होने से लोग अपने ऑफिस तक नहीं पहुंच पाए हैं और उन्हें काफी परेशानी हो रही है।

10:04 AM, 26-Nov-2020

दिल्ली-जम्मू हाईवे पर भी भारी सुरक्षा बल तैनात

किसानों के आंदोलन को देखते हुए करनाल में करना झील के पास दिल्ली-जम्मू हाईवे पर भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। एक राहगीर ने बताया कि बॉर्डर कल रात से ही ब्लॉक है और यहां कई वाहन फंसे हैं।
 
 

10:00 AM, 26-Nov-2020

दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा

किसानों के दिल्ली चलो मार्च के चलते दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर पर भी कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। फरीदाबाद पुलिस ने आज सुबह बताया कि हमारे पास यह सख्त निर्देश है कि हम भारतीय किसान यूनियन के किसी भी सदस्य को आज और कल दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दें। सभी प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात हैं।
 

09:30 AM, 26-Nov-2020

सिंघु बॉर्डर पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात

दिल्ली हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है।
 

 

09:26 AM, 26-Nov-2020

जींद पंजाब सीमा पर डटे किसान

इस वक्त किसानों का एक समूह पंजाब-जींद सीमा पर डटा हुआ है। 

09:24 AM, 26-Nov-2020

किसान पहुंचेंगे जंतर मंतर

गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा ने 26-27 नवंबर को दिल्ली चलो का नारा दिया हुआ है। मोर्चा ने इन दोनों दिन दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में देश भर से बड़ी संख्या में किसानों ने दिल्ली की ओर कूच कर दिया है। दिल्ली कूच के लिए जिले में राजस्थान के अलावा राज्य के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह एवं गुरुग्राम जिले के किसान एकत्रित होंगे। उनका दिल्ली-जयपुर हाईवे से दिल्ली में प्रवेश करने का कार्यक्रम है।

09:24 AM, 26-Nov-2020

पुलिस के रोकने पर किसान नहीं करेंगे नारेबाजी

उन्होंने बताया कि दिल्ली जाने के दौरान पुलिस उन्हें रोकेगी तो वे उसकी कार्रवाई का कोई विरोध नहीं करेंगे। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी नहीं करेंगे। वे पुलिस के रोकने वाले स्थान पर ही बैठ जाएंगे। दूसरी ओर राज्य में किसान नेताओं की गिरफ्तारी शुरू होने के मद्देनजर जिले के किसान नेता सतर्क हो गए है और गुप्त तौर पर अपनी तैयारी कर रहे है। उनका प्रयास है कि बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से पहले पुलिस उन्हें हिरासत में नहीं ले, क्योंकि उनके हिरासत में लेने की स्थिति में जिले में बाहर से आने वाले किसानों की व्यवस्था देखने वाला कोई नहीं रहेगा।

09:14 AM, 26-Nov-2020

किसान आंदोलन: दिल्ली-करनाल हाईवे पर संघर्ष जारी, सिंघु बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात

करीब पांच हजार किसानों के पहुंचने की संभावना
मोर्चा की ओर से गुरुग्राम जिले में किसानों के कूच करने की व्यवस्था देख रहे जेसी यादव ने बताया कि राजस्थान के अलावा राज्य के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह एवं गुरुग्राम जिले के किसानों को गुरुवार को सुबह 10 बजे बिलासपुर चौक पर पहुंचने का संदेश दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुबह 11 बजे तक सभी जगह के किसान यहां एकत्रित हो जाएंगे और उसके बाद सभी किसान योगेंद्र यादव के नेतृत्व में दिल्ली की ओर कूच करेंगे। यहां पर करीब पांच हजार किसानों के पहुंचने की संभावना है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें