गुरुग्राम के रायन स्कूल में मासूम की मौत के बाद यहां के स्कूलों पर भी अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा है। सोमवार को अभिभावक बच्चों की सुरक्षा देखने सेक्टर- 39 रायन स्कूल पहुंच गए। यहां पर बच्चों की सुरक्षा में चूक देखकर अभिभावकों ने हंगामा किया।
आरोप है कि बस ड्राइवर स्कूल के अंदर बैठे रहते हैं। ये बच्चों के ही टॉयलेट का इस्तेमाल करते हैं। यहां तक कि सीसीटीवी कैमरे भी खराब हैं। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से कहा है जब तक स्कूल प्रबंधन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं करता तब बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे, जिन बच्चों की परीक्षा होगी सिर्फ वही बच्चे आएंगे।
सोमवार सुबह 9 बजे तक सैकड़ों अभिभावक स्कूल पहुंच गए। लेकिन स्कूल प्रबंधन ने उन्हें परिसर में नहीं घुसने दिया। अभिभावकों के हंगामें को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को बुला लिया था।
पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद अभिभावकों को स्कूल के अंदर आने दिया गया। बाद में प्रिंसिपल मिलीं तो एक अभिभावक ने बताया कि स्कूल के अंदर बसें खड़ी होती हैं। इन बसों के ड्राइवर भी स्कूल के अंदर ही रहते हैं। ड्रेस तक नहीं पहनते हैं। बच्चों के शौचालय का इस्तेमाल करते हैं। स्कूल में लगे अधिकतर सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। अगर इस दौरान बच्चों के साथ कुछ हो जाए तो किसकी जिम्मेदारी होगी।