फरीदाबाद में पहले बड़खल रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) और अब ओल्ड फरीदाबाद का रेलवे अंडर पास (आरयूपी), दोनों के उद्घाटन के लिए जनता ने नेताओं का इंतजार नहीं किया। आरयूपी तैयार है इसलिए जनता ने उसमें से आना-जाना शुरू कर दिया है।
एनआईटी एरिया को नेशनल हाइवे से कनेक्ट करने के लिए ओल्ड फरीदाबाद रेलवे क्रॉसिंग पर आरयूपी का निर्माण हुआ है। चार में से इसके तीन रास्ते तैयार हो गए हैं।
एक रास्ता नेशनल हाइवे की तरफ और तीन रास्ते एनआईटी की तरफ बने हैं। रेलवे रोड और सेक्टर- 21 की तरफ जाने वाले रास्ते तैयार हैं। जबकि फतेहपुर चंदीला गांव का रास्ता अभी तैयार हो रहा है।
अभी तक एनआईटी, सेक्टर-21, एसजीएम नगर और एनआईटी पांच के जो लोग बड़खल फ्लाईओवर और नीलम फ्लाईओवर को इस्तेमाल कर दिल्ली-मथुरा रोड पर जाते थे, वह अब अंडरपास का इस्तेमाल करने लगे हैं।
हुडा के कार्यकारी अभियंता राजीव शर्मा का कहना है कि ओल्ड फरीदाबाद आरयूपी का उद्घाटन सभी रास्ते पूरी तरह से तैयार होने के बाद ही होगा। इसी प्रकार बड़खल आरओबी का भी औपचारिक उद्घाटन हुए बिना ही जनता ने आना-जाना शुरू कर दिया था।