कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन मंगलवार को 11वें दिन में पहुंच गया। वहीं, पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। लगातार भूखे रहने की वजह से उनका ब्लड शुगर लेवल घटकर 66 पहुंच गया है।
डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। नीट पेपर लीक के विरोध में मौन और अनशन पर बैठे छत्तीसगढ़ के इनेश की तबीयत भी लगातार बिगड़ रही है। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि सोनम वांगचुक पिछले तीन दिनों से केवल पानी और नमक के सहारे भूख हड़ताल पर हैं। डॉक्टर समय समय पर उनका ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और दूसरी जरूरी जांच कर रहे हैं। मंगलवार को जांच में उनका शुगर लेवल 66 मिला। अभिजीत के मुताबिक, इनेश ने भी छह सात दिनों से कुछ नहीं खाया है।
प्रशांत भूषण और रामकिशन पंडित भी पहुंचे
प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए मंगलवार को वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण और 101 साल के पूर्व स्वतंत्रता सेनानी रामकिशन पंडित भी जंतर मंतर पहुंचे। दोनों ने अनशन पर बैठे लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनकी मांगों का समर्थन किया। इस दौरान प्रशांत भूषण ने कहा कि देश के छात्रों को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए।
अभिजीत दीपके ने सरकार पर साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा कॉकरोच जनता पार्टी पर की कई टिप्पणी के विरोध में अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल करना ठीक नहीं है।