अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आदर्श नगर इलाके में मोबाइल लूट का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। बदमाशों ने दंपती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें महिला राखी की मौत हो गई, जबकि उसका पति आशु गंभीर रूप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 9 बजे आजादपुर के पास रेलवे ट्रैक किनारे स्थित टीपीटी सेंटर झुग्गी में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दंपती को तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राखी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार को तीन बदमाशों ने आशु के बेटे से मोबाइल फोन लूट लिया था। देर रात जब आरोपी फिर से इलाके में पहुंचे तो आशु ने उनका विरोध किया। इस दौरान कहासुनी बढ़कर झगड़े में बदल गई और बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। आशु को बचाने के लिए बीच में आई उसकी पत्नी राखी पर भी हमलावरों ने बेरहमी से वार किए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।