नई दिल्ली। महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र में उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने एक महिला सहित दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और प्रारंभिक जांच में देह व्यापार गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार, आरोपियों की पहचान मोसा उर्फ मोसेसरिया मोनिद और एमडी नूर आलम के रूप में हुई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के दौरान पुलिस को इनकी सूचना मिली थी। इसके बाद सादे कपड़ों में स्टिंग ऑपरेशन कर दोनों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पहले खुद को भारतीय नागरिक बताया, लेकिन दस्तावेजों की जांच में उनके बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई। उनके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र भी बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों को एफआरआरओ के समक्ष पेश किया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें निर्वासित कर दिया गया। ब्यूरो