कंगाली से जूझ रहा नगर निगम संपत्ति कर के करीब 40 करोड़ रुपये नहीं वसूल कर पा रहा है। इसे निगमकर्मियों की लापरवाही कहें या कुछ और। इनमें एक लाख से ऊपर के बकाएदारों की संख्या तीनों जोन में 300 से अधिक है।
प्रॉपर्टी टैक्स बकाएदारों के खिलाफ नगर निगम अब सख्ती बरतने के मूड में है। नगर निगम अब उन बकाएदारों को नोटिस भेज रहा है, जिन पर एक लाख रुपये या फिर उससे ज्यादा की रकम बकाया है।
नोटिस भेजने के सात दिन के अंदर बकाया जमा कराना होगा। निगम की मानें तो ओल्ड, एनआईटी और बल्लभगढ़ जोन में करीब 300 ऐसे बकाएदार हैं। प्रस्थापना अधिकारी बलबीर सिंह पंवार ने बताया कि बकाएदारों में वाणिज्यिक व औद्योगिक भवन भी शामिल हैं।
निगम अफसरों की मानें तो एक अप्रैल तक निगम क्षेत्र में करीब 64.39 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। अभियान चलाकर 31 अक्तूबर तक 24.39 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं। निगम के मुताबिक, सेक्टर-16 स्थित एचएसएएम बोर्ड पर करीब 16 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।
इसके अलावा, इंदिरा गांधी कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी पर करीब 13 लाख रुपये और सेक्टर-14 स्थित लखानी पर करीब 1.47 लाख रुपये का बकाया है।