दिल्ली में ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने के साथ ही अब उसे आपस में जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। राजस्व विभाग मुख्यालय में बनाए गए सर्वर से पहले चरण में 6 सब रजिस्ट्रार कार्यालयों को आपस में जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है।
दिल्ली में फिलवक्त नौ ई-सब रजिस्ट्रार दफ्तर खोले गए हैं। साल खत्म होते-होते इनकी संख्या 12 तक पहुंच जाएगी। यानि राज्य के 11 राजस्व जिलों में कम से कम एक ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय काम करने लगेगा। ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय खुलने के बाद रजिस्ट्री के लिए लगने वाली लंबी लाइनों से लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।
ऑन लाइन आवेदन से लेकर रजिस्ट्री के लिए समय लेने और पंजीकरण का काम कंप्यूटराइज्ड हो जाएगा। ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय आपस में जुड़ने से जमीनों के फर्जीवाड़े पर लगाम लगने के साथ संपत्ति पंजीकरण की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी। वहीं भविष्य में दिल्ली में कही से भी संपत्ति पंजीकरण की सुविधा मिल जाएगी।
राजस्व विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय में आवेदन के बाद ऑनलाइन आवेदन मिलता है। अगर किसी जिले में आवेदकों की लंबी लाइन है तो उसे दूसरे जिले के ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय में समय दिया जा सकेगा। चूंकि सर्वर से कार्यालय आपस में जुड़े होंगे तो दूसरे जिले की सूचना लेने में दिक्कत नहीं आएगी।
ये ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय जुड़ेंगे
1. मध्य जिला असफ अली रोड सब रजिस्ट्रार कार्यालय।
2. महरौली ई-सब रजिस्ट्रार कार्यालय
3. कापसहेड़ा ई-सब रजिस्ट्रार।
4. पंजाबी बाग ई-सब रजिस्ट्रार।
5. नंद नगरी ई-सब रजिस्ट्रार।
6. शास्त्री नगर ई-सब रजिस्ट्रार ।
7. अंबेडकर भवन, रोहिणी ई-सब रजिस्ट्रार।