लॉकडाउन के बीच शुक्रवार को फिरोज गांधी कॉलोनी में क्रेटा कार से जा रहे प्रॉपर्टी डीलर बलदेव नगर निवासी विकास उर्फ विक्की उर्फ अंडा (35) की आधा दर्जन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी। बदमाशों ने उस पर 28 से 30 गोलियां चलाईं।
पुलिस के आला अधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वाड जांच में जुटे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, विकास एक गैंगस्टर के लिए काम करता था। पुलिस वारदात को गैंगवार से जोड़ रही है। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-1) प्रीतपाल ने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।
वारदात शुक्रवार दोपहर करीब पौने 3 बजे हुई। विकास अपनी गाड़ी में जैसे ही फिरोज गांधी कॉलोनी में पहुंचा, एक बाइक पर हथियारों के लैस तीन बदमाश उसकी बगल से गुजरे। उन्हें देख विकास ने गाड़ी घुमाने की कोशिश की, लेकिन इतने में ही पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उसकी कार में जोरदार टक्कर मारी।
स्कॉर्पियों में भी 3-4 बदमाश थे। इसके बाद बदमाशों ने विकास को दो तरफ से घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के दो शीशे टूट गए। चश्मदीदों ने बताया कि इसके बाद बदमाशों ने गाड़ी के पास आकर विकास को 4-5 गोलियां मारीं। उसकी मौत का इत्मीनान होने के बाद वे फरार हो गए।
विकास के एक गैंगस्टर के साथ संबंधों को देखते हुए पुलिस इसे गैंगवार मान रही है। शाम तक उसके परिवार ने पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं दी थी। उधर, पता चला है कि 2016 में प्रॉपर्टी डीलर राजू सेठी के साथ गैंगस्टर बिंदर गुर्जर का झगड़ा हो गया था।
न्यू कॉलोनी पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के पहुंचने पर विकास बिंदर के समर्थन में हथियार लेकर पहुंचा था। हालांकि पुलिस रिकॉर्ड में विकास के बिंदर से ताल्लुक का जिक्र नहीं है।