-अलीपुर इलाके की घटना, पुलिस मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अलीपुर इलाके में एक कारोबारी को फोन कर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित कारोबारी परिवार के साथ अलीपुर इलाके में रहते हैं। उनका प्रॉपर्टी का कारोबार है। अलीपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने बताया कि 17 मई को सुबह करीब 11.26 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम चीकू बोलू बताया और उसने 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न देने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। साथ ही पुलिस को सूचना देने पर गोली मारने की चेतावनी भी दी। पीड़ित ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी इसी तरह की धमकी भरी कॉल आई थी। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने कहा कि पुलिस मोबाइल नंबर की लोकेशन के बारे में पता लगा रही है।