सूचना मिलते ही पुलिस सेक्टर-24, रोहिणी स्थित मौके पर पहुंची। जहां एक नीली टोयोटा इनोवा मिली जिसके आगे की विंडशील्ड पर गोली के निशान थे। जांच में पता चला कि कार एक प्रॉपर्टी डीलर की है। उसने बताया कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार पर करीब दो दर्जन से अधिक गोलीबारी की। लेकिन गोलीबारी में कार में सवार कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। पुलिस को सड़क पर काफी खोखा बिखरे हुए मिले।
पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को बताया कि 26 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच उसे एक अनजान अंतरराष्ट्रीय नंबर से लगातार कई व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज आ रहे थे। जिसमें खुद को हिमांशु भाऊ बताने वाला गैंगस्टर उससे करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग रहा था। उसने पैसे नहीं देने पर जान से मरवाने की धमकी दी थी।
हालांकि उसने इसकी शिकायत पुलिस ने नहीं की थी। बेगमपुर थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत पर जबरन वसूली और गोलीबारी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके पर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल करवाई। टीम ने वहां से कई साक्ष्य हासिल किए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि गैंगस्टर का मामला होने की वजह से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच भी मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।