नोएडा स्टेडियम में 45 करोड़ की लागत से बहुद्देशीय इंडोर स्टेडियम का काम 12 फरवरी 2015 को शुरू हुआ था। यहां 12 अगस्त 2016 को काम पूरा करना था। अब इसकी नई डेडलाइन 30 जून 2018 तय की गई है। वहीं, 10 करोड़ की लागत से शूटिंग रेंज का काम 12 अक्तूबर 2015 को शुरू किया गया था। इसकी समापन की तिथि 11 अक्तूबर 2016 निर्धारित थी। हालात यह है कि नई डेडलाइन 31 मार्च को समाप्त हो चुकी है लेकिन काम पूरा नहीं हुआ।
चार साल से बन रहा यमुना का पुल
यमुना नदी पर कालिंदी कुंज के निकट 120 करोड़ की लागत के दूसरे पुल का निर्माण 12 अगस्त 2014 को शुरू हुआ। 11 अगस्त 2016 तक काम पूरा करना था लेकिन अब यह काम 31 दिसंबर 2018 तक पूरा करने का वादा किया गया है।
चार साल से बन रहा जिला अस्पताल
सेक्टर-39 में 519 करोड़ की लागत का जिला संयुक्त अस्पताल का काम 19 मई 2014 से शुरू हुआ। 20 मई 2017 तक काम पूरा होना था। लेकिन अब इसकी नई डेडलाइन 30 मई 2018 तय की गई है।
मंजूर 399 नई परियोजनाओं का भी अता पता नहीं
उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार से लोगों की उम्मीदें जगीं लेकिन प्राधिकरण पुराने ढर्रे पर ही चलते रहे। पिछले माह सीईओ ने एक समीक्षा बैठक में पाया कि पिछले करीब दो से छह माह के बीच 399 नई परियोजनाओं की मंजूरी मिलीं लेकिन केवल 14 ही शुरू हो पाईं। इसके बाद सीईओ ने एक्शन भी लिया था।