एलन स्टैनले और उसकी मां लेसी पर केरल में खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज है। दोनों इस मामले में जमानत पर थे। पुलिस ने कोट्टायम में संपर्क किया, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए, जिसके मुताबिक लेसी ने दो शादियां की थीं। 2017 में एलन के पिता स्टेनली की मौत हो गई थी। उसके बाद लेसी ने विन्सेंट नाम के व्यक्ति से शादी कर ली।
विन्सेंट की पहली पत्नी के बच्चे भी उसके साथ रहने लगे। वर्ष 2018 में विन्सेंट की भी मौत हो गई। विन्सेंट के बच्चों ने आरोप लगाया कि उनके पिता की संदिग्ध हालत में मौत हुई है और लेसी को पिता को खुदकुशी के लिए उकसाने का जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने लेसी और एलन स्टैनले पर खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया। इस मामले में मां-बेटे ने अग्रिम जमानत ले ली।
महिला मित्र से खुदकुशी करने की बात कही थी
दो पतियों की मौत से लेसी डिप्रेशन में थी। अपनी मां की हालत देखकर एलन भी तनाव में था। इस परिस्थिति में मां-बेटे को खुदकुशी करने के ख्याल आने लगे। एलन की एक महिला मित्र ने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पहले एलन ने उससे मां के साथ खुदकुशी कर लेने की बात कही थी। उसने अपनी मां को कहा था कि दोनों सुसाइड कर लेते हैं, लेकिन मां तैयार नहीं हुई।
इस बात को सुनकर एलन की महिला मित्र ने उसे समझाया। कभी भी मां-बेटे द्वारा खुदकुशी कर लेने की आशंका को देखते हुए वह उसके घर आकर रहने लगी। उसने मां-बेटे की काउसलिंग की। तीन दिन बाद मां-बेटे ने अपने रिश्तेदारों के आने की बात कहकर महिला मित्र को उसके घर से जाने के लिए कहा था।
अक्सर आत्महत्या करने की सोचता था
पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला है कि एलन हमेशा आत्महत्या करने के बारे में सोचता रहता था। पांच दिन पहले उसने बताया कि उसने अपनी मां से आत्महत्या करने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। उधर, सेंट स्टीफन कॉलेज में ही पढ़ाने वाली प्रोफेसर नंदिता नारायण ने बताया कि आज सुबह एलन और उसकी मां के बारे में खबर सुनकर सदमे में हूं। डीयू टीचर्स एसोसिएशन के चुनाव के दौरान मेरी एलन से बात हुई थी। इस दौरान उसने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया था कि वह इस तरह का कदम भी उठा सकता है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि एलन ने अपनी मां की हत्या करने के बाद उसे फंदे पर लटकाया है और उसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी की है। पुलिस का कहना है कि दोनों के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।