फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: सेंट स्टीफन कॉलेज के प्रोफेसर ने मां की हत्या कर की खुदकुशी

Sun, 20 Oct 2019 01:56 PM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Social Media (File Photo)
विज्ञापन

दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज के एक प्रोफेसर ने मां की हत्या करने के बाद शनिवार दोपहर खुदकुशी कर ली। प्रोफेसर का शव सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला, जबकि मां का शव रानी बाग के आशियाना अपार्टमेंट स्थित अपने घर के कमरे में फंदे से लटका था। सराय रोहिल्ला रेलवे थाना पुलिस ने खुदकुशी का मामला दर्ज किया है।

विज्ञापन


वहीं, रानी बाग थाना पुलिस महिला  की हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि यह हत्या के बाद आत्महत्या का मामला है, हालांकि पोस्टमॉर्टम के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। मां-बेटे पर केरल में खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज है और दोनों अंतरिम जमानत पर थे। बताया जा रहा है कि इस केस को लेकर दोनों डिप्रेशन में थे।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर सूचना मिली थी कि सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-तीन से 100 मीटर की दूरी पर एक युवक ट्रेन से कट गया है। पुलिस ने शव के पास से एक मोबाइल फोन, पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस और घड़ी बरामद की।
विज्ञापन


मृतक की शिनाख्त एलन स्टैनले (27) के रूप में हुई। वह मूलरूप से केरल के कोट्टायम के कैथाकट्टू वेलोर का रहने वाला था। उसके मोबाइल पर आए परिचित के फोन नंबर से संपर्क  करने पर पता चला कि एलन स्टैनले  सेंट स्टीफन कॉलेज में दर्शनशास्त्र का प्रोफेसर (अनुबंध) था। पुलिस उसके रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी, तभी रानी बाग के आशियाना अपार्टमेंट से 55 साल की लेसी के फंदे से लटके होने की जानकारी मिली।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि लेसी का शव पंखे से बंधे फंदे से लटका था और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ है। जांच में पता चला कि एलन स्टैनले लेसी का बेटा है। परिचितों, दोस्तों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि एलन ने मां की हत्या करने के बाद खुदकुशी की है। एलन करीब पांच साल से दिल्ली में रह रहा था और पढ़ाने के साथ ही पीएचडी कर रहा था। उसकी मां लेसी करीब सात माह पहले उसके साथ रहने यहां आई थी। 

नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

पुलिस को घर की तलाशी के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि मलयालम भाषा में लिखा एक पत्र मिला है, उसमें क्या लिखा है पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है।  पुलिस का कहना है कि वह हर पहलु से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल लेसी की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

विज्ञापन

दूसरे पति के बच्चों ने करवाया खुदकुशी के लिए उकसाने का केस

एलन स्टैनले और उसकी मां लेसी पर केरल में खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज है। दोनों इस मामले में जमानत पर थे। पुलिस ने कोट्टायम में संपर्क किया, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए, जिसके मुताबिक लेसी ने दो शादियां की थीं। 2017 में एलन के पिता स्टेनली की मौत हो गई थी। उसके बाद लेसी ने विन्सेंट नाम के व्यक्ति से शादी कर ली।

विन्सेंट की पहली पत्नी के बच्चे भी उसके साथ रहने लगे। वर्ष 2018 में विन्सेंट की भी मौत हो गई। विन्सेंट के बच्चों ने आरोप लगाया कि उनके पिता की संदिग्ध हालत में मौत हुई है और लेसी को पिता को खुदकुशी के लिए उकसाने का जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने लेसी और एलन स्टैनले पर खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया। इस मामले में मां-बेटे ने अग्रिम जमानत ले ली। 

महिला मित्र से खुदकुशी करने की बात कही थी

दो पतियों की मौत से लेसी डिप्रेशन में थी। अपनी मां की हालत देखकर एलन भी तनाव में था। इस परिस्थिति में मां-बेटे को खुदकुशी करने के ख्याल आने लगे। एलन की एक महिला मित्र ने पुलिस को बताया कि एक  सप्ताह पहले एलन ने उससे मां के साथ खुदकुशी कर लेने की बात कही थी। उसने अपनी मां को कहा था कि दोनों सुसाइड कर लेते हैं, लेकिन मां तैयार नहीं हुई।

इस बात को सुनकर एलन की महिला मित्र ने उसे समझाया। कभी भी मां-बेटे द्वारा खुदकुशी कर लेने की आशंका को देखते हुए वह उसके घर आकर रहने लगी। उसने मां-बेटे की काउसलिंग की। तीन दिन बाद मां-बेटे ने अपने रिश्तेदारों के आने की बात कहकर महिला मित्र को उसके घर से जाने के लिए कहा  था। 

अक्सर आत्महत्या करने की सोचता था

पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला है कि एलन हमेशा आत्महत्या करने के बारे में सोचता रहता था। पांच दिन पहले उसने बताया कि उसने अपनी मां से आत्महत्या करने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। उधर, सेंट स्टीफन कॉलेज में ही पढ़ाने वाली प्रोफेसर नंदिता नारायण ने बताया कि आज सुबह एलन और उसकी मां के बारे में खबर सुनकर सदमे में हूं। डीयू टीचर्स एसोसिएशन के चुनाव के दौरान मेरी एलन से बात हुई थी। इस दौरान उसने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया था कि वह इस तरह का कदम भी उठा सकता है।  

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि एलन ने अपनी मां की हत्या करने के बाद उसे फंदे पर लटकाया है और उसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी की है। पुलिस का कहना है कि दोनों के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें