अस्पताल प्रशासन ने आपात खरीद प्रक्रिया के तहत सप्लायर्स से कोटेशन मांगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (एलएचएमसी) और सुचेता कृपलानी अस्पताल ने फंगल इंफेक्शन की जांच के लिए जरूरी लैब सामग्री और टेस्ट किट खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए आपात खरीद प्रक्रिया के तहत सप्लायर्स से कोटेशन मांगे हैं। यह कोटेशन तीन कार्यदिवस के भीतर जमा करने होंगे। अस्पताल की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि यह खरीद सामान्य वित्तीय नियम (जीएफआर-155) के तहत की जा रही है। अस्पताल के स्टोर अधिकारी मिथलेश कुमार के अनुसार, माइक्रोबायोलॉजी लैब में फंगल संक्रमण की जांच के लिए कुछ जरूरी उपकरण और टेस्ट स्ट्रिप्स की तत्काल आवश्यकता है, इसलिए जल्द खरीद प्रक्रिया शुरू की गई है।
अस्पताल द्वारा जिन सामग्रियों की मांग की गई है, उनमें मुख्य रूप से एंटी-फंगल दवाओं की संवेदनशीलता जांचने वाली ई-टेस्ट स्ट्रिप्स शामिल हैं। इन स्ट्रिप्स की मदद से यह पता लगाया जाता है कि किसी मरीज में पाए गए फंगस पर कौन-सी दवा असरदार होगी। जिन दवाओं के लिए टेस्ट स्ट्रिप्स मांगी गई हैं उनमें फ्लुकोनाजोल, माइकाफंगिन, वोरिकोनाजोल, कैस्पोफंगिन, एम्फोटेरिसिन और अनिडुलाफंगिन शामिल हैं। प्रत्येक पैक में 60 स्ट्रिप्स होंगी। इसके अलावा अस्पताल ने लैब जांच के लिए विभिन्न बैक्टीरिया और फंगस के स्टैंडर्ड स्ट्रेन भी मांगे हैं। इनमें कैंडिडा क्रूसी, कैंडिडा पैराप्सिलोसिस, कैंडिडा एल्बिकैंस, स्यूडोमोनास एरुगिनोसा, ई. कोलाई और स्टेफिलोकोकस ऑरियस जैसे माइक्रोऑर्गेनिज्म शामिल हैं। इनका उपयोग लैब में जांच की गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए किया जाता है। इन स्ट्रेन के दो-दो स्टिक वाले पैक मांगे गए हैं।
नोटिस में कुछ अन्य जरूरी लैब सामान भी सूचीबद्ध किए गए हैं। इनमें क्रायो टैग्स के दो पैक प्रत्येक में 1000, जिप पाउच के दस पैक, पारदर्शी कवर वाली प्लास्टिक स्लाइड ट्रे के चार पैक, टूथ पिक्स के 20 पैक और 1.5 एमएल स्क्रू कैप्ड ट्यूब के पांच पैक शामिल हैं। इसके अलावा इंडिया इंक स्टेन का एक पैक और कैल्सीफ्लोर व्हाइट स्टेन के दो पैक भी मांगे गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने सप्लायर्स को निर्देश दिया है कि वे अपने कोटेशन स्टोर सेक्शन में जमा करें, जो लोकल परचेज कमेटी के चेयरपर्सन के नाम होंगे। कोटेशन में फर्म का नाम, पता, संपर्क नंबर, जीएसटी नंबर, पैन नंबर और आधार नंबर जैसी जानकारी देना अनिवार्य होगा। साथ ही आवश्यक सैंपल भी उपलब्ध कराने होंगे।