जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में छात्रों की समस्याएं दूर करने के लिए काउंसलिंग की जाएगी। वित्त मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने जेएनवी में स्कूल काउंसलर के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रति स्कूल एक महिला और एक पुरुष काउंसलर की नियुक्ति होगी।
देश के 630 जेएनवी स्कूलों में काउंसलर रखे जाएंगे। जेएनवी ने कांट्रेक्ट के आधार पर आवेदन पत्र आमंत्रित किए हैं। 24 से 45 आयु वर्ग के उम्मीदवार जेएनवी की वेबसाइट पर काउंसलर पद के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एमए (साइकोलॉजी), एमएससी (साइकोलॉजी), पीजी डिप्लोमा इन क्लीनिकल साइकोलॉजी, एमए इन क्लीनिकल साइकोलॉजी में पासआउट उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। मास्टर इन चाइल्ड डेवलेपमेंट और सोशल वर्क में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा इन काउंसलिंग एंड गाइडनेंस से पासआउट उम्मीदवार भी आवेदन पत्र भरने के लिए योग्य रहेंगे।
उम्मीदवार को एक वर्ष का काउंसलिंग का अनुभव प्रमाण पत्र भी देना होगा। साथ ही, रेजीडेंशियल स्कूलों में काउंसलिंग का अनुभव, मनोचिकित्सा और मनोमितीय मूल्यांकन की जानकारी व अनुभव होना भी अनिवार्य है। पांच अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
स्थानीय भाषा का ज्ञान जरूरी
देश के विभिन्न राज्यों के जेएनवी नियुक्त होने वाले काउंसलर को स्थानीय भाषा की जानकारी जरूरी है। पंजाब में पंजाबी, बंगाल में बंगाली, राजस्थान में राजस्थानी, कर्नाटक में कन्नड़, तमिलनाडु में तमिल, केरल में मलयालम, आंध्र प्रदेश व तेलंगाना में तेलगू, गुजरात में गुजराती, महाराष्ट्र में मराठी, जम्मू में डोगरी व कश्मीर में कश्मीरी, हिमाचल व उत्तराखंड में विभिन्न जिलों में बोली जाने वाली पहाड़ी भाषाओं आदि का ज्ञान होना जरूरी है। छात्रों से सीधे बातचीत के लिए स्थानीय भाषा का ज्ञान अनिवार्य है।