लंबित मांगों के पूरा न होने के कारण बीके अस्पताल की ऑल इंडिया एड्स कंट्रोल एंपलाइज एसोसिएशन ने सोमवार से हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। जिससे अस्पताल में एचआईवी जांच और इलाज के लिए आने वाले मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
मरीजों को दवा एवं जांच के लिए दिल्ली, रोहतक या चंडीगढ़ तक का चक्कर लगाना पड़ सकता है। एसोसिएशन का कहना है कि नेको और केंद्र सरकार के एड्स कंट्रोल प्रोग्राम के तहत कर्मचारी सरकारी अस्पतालों में वर्ष 2008 से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
लेकिन तब से इन कर्मचारियों को पक्का नहीं किया गया है। इसके अलावा कर्मचारियों के वेतन में कोई वृद्धि नहीं की गई है। जिस कारण कर्मचारियों में रोष है।
एसोसिएशन के महासचिव सत्यजीत कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की मांगो को लेकर कोई आश्वासन या सकारात्मक रवैया सरकार की ओर से देखने को नहीं मिला है। जिस कारण सोमवार से हड़ताल की जाएगी।