कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा
- फोटो : Amar Ujala
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में बीते वर्ष 359 दिनों तक किसी न किसी कारण से धारा 144 लागू रही। उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 2019 में 365 दिनों में से 359 दिन धारा 144 लागू रही।
प्रियंका ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा, "इस स्थिति में भी प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है।" वह संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के बाद हुई गिरफ्तारियों और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर लगातार हमले कर रही हैं।
इधर, राजस्थान के कोटा में बच्चों की हो रही मौतों पर बसपा प्रमुख मायावती ने प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को निशाने पर लिया है। मायावती ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस शासित राजस्थान के कोटा जिले में हाल ही में लगभग 100 मासूम बच्चों की मौत से माओं की गोद उजड़ना अति-दुःखद व दर्दनाक है।
उन्होंने कहा कि वहां के सीएम श्री गहलोत स्वयं व उनकी सरकार इसके प्रति अभी भी उदासीन, असंवेदनशील व गैर-जिम्मेदार बने हुए हैं, जो अति-निन्दनीय है।बसपा प्रमुख ने कहा कि किन्तु उससे भी ज्यादा अति दुःखद है कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व व खासकर महिला महासचिव की इस मामले में चुप्पी साधे रखना।
उन्होंने कहा कि अच्छा होता कि वह यूपी की तरह उन गरीब पीड़ित माओं से भी जाकर मिलतीं, जिनकी गोद केवल उनकी पार्टी की सरकार की लापरवाही आदि के कारण उजड़ गई हैं।
एक अन्य ट्वीट में कहा कि यदि कांग्रेस की महिला राष्ट्रीय महासचिव राजस्थान के कोटा में जाकर मृतक बच्चों की ‘‘माओं‘‘ से नहीं मिलती हैं तो यहां अभी तक किसी भी मामले में यूपी पीड़ितों के परिवार से मिलना केवल इनका यह राजनैतिक स्वार्थ व कोरी नाटकबाजी ही मानी जायेगी, जिससे यूपी की जनता को सर्तक रहना है।