सेक्टर-39 स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा प्रितिका शर्मा को यूएसए के तुलेन यूनिवर्सिटी ने 75 लाख रुपए की स्कॉलरशिप दी है। यह स्कॉलरशिप चार वर्ष के अंडर ग्रेजुएट प्रोग्राम के तहत मिली है।
सेक्टर-9 निवासी प्रितिका अमेरिकी यूनिवर्सिटी के तहत आने वाले कॉलेजों में दाखिले के लिए सैट परीक्षा में शामिल हुई। अपनी योग्यता के बल पर उसने परीक्षा में 2100 का स्कोर किया और लॉस एंजिल्स (यूएसए) के तुलेन यूनिवर्सिटी से प्रीमियर स्कॉलर के रूप में चयनित होकर नोएडा और स्कूल का नाम रोशन किया है।
यही नहीं प्रितिका को तुलेन होम्स कार्यक्रम की सदस्यता के लिए भी आमंत्रित किया गया है। तुलेन ऑनर्स पाठ्यक्रम के तहत छात्रा को अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। वह अगस्त 2016 में तुलेन यूनिवर्सिटी में समाज विज्ञान ऑनर्स प्रोग्राम में दाखिला लेगी।
प्रितिका यूएसए के अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रम में हिस्सा लेगी
इस पाठ्यक्रम में वाद-विवाद, तर्क-वितर्क तथा रचनात्मक क्रियाकलापों पर विशेष जोर होगा। इसके अलावा छात्रों को कई महत्वपूर्ण विषयों पर खोज करने होंगे। अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों के साथ सहभागिता भी दिखानी होगी।
सेमिनार और शैक्षिक सभाओं में अन्य छात्रों के साथ शामिल होना होगा। वहीं कक्षा के बाहर छात्र शोध कार्यों को पूरा करेंगे। इसके अलावा इंटर्नशिप में तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी इकट्ठा करेंगे।
स्कूल प्रबंधकों ने बताया कि 12वीं की परीक्षा देने के बाद प्रितिका यूएसए के अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रम में हिस्सा लेगी। स्कूल की प्रिंसिपल अनुराधा शर्मा ने प्रितिका की कामयाबी पर खुशी जाहिर करते हुए उसे स्कूल का गौरव बताया।
रिया दत्ता ने गाड़े सफलता के झंडे
नोएडा के रायन इंटरनेशनल स्कूल की 11वीं की छात्रा रिया दत्ता ने जापान में आयोजित ओआईएससीएसीएफपी (ऑर्गनाइजेशन फॉर इंडस्ट्रियल, स्प्रिचुअल, कल्चरल एडवांसमेंट चिल्ड्रेंस फॉरेस्ट प्रोग्राम) गुडविल एंबेसडर-2015 में एंबेसडर के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर अपना लोहा मनवाया।
यही नहीं रिया ने केरल में आयोजित 17वें एशिया पैसेफिक यूथ फोरम-2015 में भारतीय प्रतिनिधि के रूप में भाग लेकर स्कूल का नाम रोशन किया।
रिया को स्कूल ने इंडियन मॉडल यूनाइटेड नेशन्स 2014 और 15 में वर्ल्ड प्रेस में बतौर रिपोर्टर चयनित किया। इसके अलावा भी रिया के नाम कई उपलब्धियां हैं। स्कूल प्रबंधकों ने रिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।