शराब पीने से मना करने पर रविवार रात जीजा ने ऑटो से कुचलकर साले की हत्या कर दी और बाद में ऑटो में शव जीआरपी चौकी के पास रखकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे भूपेंद्रपुरी मार्ग पर जीआरपी चौकी के पास ऑटो में लाश पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
वोटर आईडी कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान मनोज (26) पुत्र सतपाल निवासी विजयनगर मोदीनगर के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता सतपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी भावना की शादी भूपेंद्रपुरी कालोनी निवासी नितिन से हुई है। नितिन ऑटो चलाता है। नितिन अक्सर भावना के साथ मारपीट करता था।
दो दिन पहले भी उसने भावना के साथ मारपीट की तो मनोज भावना को लेकर विजयनगर कालोनी लेकर आ गया। रविवार को सतपाल और मनोज नितिन को समझाने के लिए गए।
नितिन उन्हें बस स्टैंड के पास ऑटो चलाता हुआ मिल गया। सतपाल नितिन को समझाने के बाद लौट गया। मनोज और नितिन ऑटो में सवार होकर सीकरी रोड पर पहुंचे, जहां नितिन ने शराब पी और मनोज पर भी शराब पीने के लिए दबाव बनाया।
मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और बाद में नितिन ने उस पर चलता हुआ ऑटो पलट दिया, जिसके नीचे दबकर मनोज की मौत हो गई।
बाद में नितिन शव को ऑटो में रखकर भूपेंद्रपुरी कालोनी मार्ग पर जीआरपी चौकी के पास पहुंचा और शव को ऑटो में छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी जीजा नितिन को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामला गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत दर्ज किया गया है।