प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 31 मिनट के भाषण की शुरुआत वंदेमातम से की। उन्होंने जैसे ही अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का जिक्र किया, वैसे ही लोग जय श्रीराम का उद्घोष करने लगे। भाषण समाप्त होने तक यह उद्घोष कई बार सुनाई दिया। बीच-बीच में मोदी-मोदी के नारे भी लगे। पीएम ने यूपी के विकास पर फोकस किया। इसके लिए सबको मिलकर काम करने की आवश्यकराा बताते हुए कहा, मैं यूपी का सांसद हूं, इसलिए मेरी विशेष जिम्मेदारी है।
पीएम का भाषण पूरे होमवर्क के साथ था। उन्होंने दस से ज्यादा बार पश्चिमी यूपी का जिक्र किया। पांच बार गन्ना किसानों की बात की। रैली में आए लोगों में सबसे ज्यादा उत्साह तब नजर आया, जब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र किया। बुलंदशहर कल्याण सिंह की कर्मभूमि रहा है। पीएम ने महिलाओं और युवाओं को साधने का प्रयास भी किया। पश्चिमी यूपी के साथ दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी रोजगार के नए अवसर मिलने की बात कही।
भाषण की खास बातें
- भाषण शुरू करते ही कहा, . 22 तारीख को अयोध्या धाम में प्रभु श्री राम के दर्शन हुए और अब यहां जनता जनार्दन के दर्शन का सौभाग्य मिला है।
- लोगों की भीड़ देखकर बोले, आपका ये प्यार और ये विश्वास... जीवन में इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है। मैं आपके प्यार के लिए अभिभूत हूं।
- महिलाओं की भागीदारी देख कहा, यह समय रसोई में व्यस्त रहने का है। आप हमारे लिए सब छोड़कर आई हैं। हमें आशीर्वाद देने आईं सभी माताओं-बहनों को विशेष प्रणाम।
- लोगों से सवाल पूछा, यूपी को ताकत दिए बिना देश ताकतवर कैसे बन सकता है। इसके लिए सबको मिलकर काम करना है। मैं यूपी का सांसद हूं, इसलिए मेरी विशेष जिम्मेदारी।
- कल्याणकारी योजनाओं पर बोले, देश मोदी की गारंटी को गारंटी पूरा होने की गारंटी मानता है।
न्यू खुर्जा से न्यू रेवाड़ी डीएफसी रेलखंड राष्ट्र को किया समर्पित
बुलंदशहर के सिकंद्राबाद में बृहस्पतिवार को हुई जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यू खुर्जा (केआरजेएन) से न्यू दादरी (डीईआरएन) होकर न्यू रेवाड़ी (आरईजेएन) तक बनाई गई बिजली की डबल रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित किया। डीएफसी के न्यू खुर्जा, न्यू दादरी-न्यू रेवाड़ी जंक्शन तक का बनाया गया यह रेलखंड 177 किमी लंबा है। इसमें आठ स्टेशन हैं। प्रत्येक स्टॉपेज पर 2.10 मिनट का ठहराव है। इन खंड के शुरू होने से 70 घंटे का सफर 30 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। स्टॉपेज के साथ इसकी सामान्य रफ्तार 81.94 किमी की रहेगी, इस दौरान ट्रेन में कोई स्टाफ चेंज नहीं होगा। यह खंड पश्चिमी और पूर्वी डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) को जोड़ता है। इसको बनाने में करीब 10.141 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस लाइन पर छह स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें न्यू बोड़ाकी, न्यू दादरी, न्यू फरीदाबाद, न्यू पृथला, न्यू तावड़ू और न्यू धारूहेड़ा शामिल हैं। दादरी स्थित भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड के इनलैंड कंटेनर डिपो से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट तक डबल स्टैक मालगाड़ी को 70 घंटे का समय लगता है, लेकिन अब 30 घंटे में ही यह सामान आ जाएगा।
डबल डेकर ट्रेन भी दौड़ेगी
चिपियाना बुजुुर्ग से दादरी के बीच 12 किमी लंबी चौथी लाइन बिछाई गई है ताकि दिल्ली रूट की ट्रेनों का संचालन और बेहतर हो सके। ग्रेनो के न्यू खुर्जा से न्यू रेवाड़ी के बीच कॉरिडोर के कुल छह स्टेशन है। इनमें ग्रेटर नोएडा के न्यू बोड़ाकी व न्यू दादरी स्टेशन भी हैं और इनको जंक्शन बनाया जाएगा। इनके अलावा न्यू फरीदाबाद, न्यू पृथला, न्यू तावडू और धारूहेड़ा स्टेशन भी शामिल हैं। खुर्जा से बोड़ाकी के बीच दूरी 46 किमी और दादरी से रेवाड़ी स्टेशन की दूरी 135 किमी की हैं।