बुलंदशहर की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा प्राधिकरण की 313 करोड़ की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यह सभी परियोजनाएं जनता से जुड़ी हुई हैं। इनमें सेक्टर-116 में करीब 35 एकड़ भूमि पर आर्यमंडल थीम पर पार्क का निर्माण, सेक्टर-145 में करीब 23 एकड़ क्षेत्र में शहीदों के नाम पर वीर रथ पार्क का निर्माण, 40 एकड़ क्षेत्र में राज उपवन पार्क का निर्माण, हिंडन नदी पर निर्माणाधीन पुल से होते हुए ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क-3 को जोड़ने वाले पहुंच मार्ग का निर्माण, सेक्टर-112 में रामवन गमन थीम पर पार्क का निर्माण, सेक्टर-62 में करीब 18 एकड़ में डी टाइप पार्क के पुनर्निमाण का कार्य, सेक्टर-94 में करीब सात एकड़ भूमि पर जापानी थीम पर आधारित पार्क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा जिन परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ उसमें नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के 2.36 किमी पर बने अंडरपास, शहर में विद्युत सौंदर्यीकरण का कार्य और पुलिस लाइन परिसर में ट्रांजिट हॉस्टल के चार टावरों के निर्माण का कार्य शामिल है।