भारत के गुरुधामों में दर्शन के लिए आ रहे थे 104 सिख श्रद्धालु, एनओसी को लेकर पाकिस्तान ने जताई आपत्ति
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पाकिस्तान से भारत के गुरुधामों में दर्शन के लिए आने वाले 104 सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान में अंतिम समय पर विमान में सवार होने से रोकने की दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने निंदा की है। कमेटी ने इसे पाकिस्तानी सरकार का बेहद दुर्भाग्यपूर्ण कदम बताया। साथ ही भारत सरकार से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।
कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले इन श्रद्धालुओं को भारत आने के लिए वीजा दिया गया था। सभी श्रद्धालुओं को हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचना था। इसके बाद उन्हें श्री दरबार साहिब, अमृतसर और गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए जाना था। कमेटी के मुताबिक, श्रद्धालुओं के दिल्ली पहुंचने को लेकर उनके स्वागत, ठहरने और आगे की यात्रा के सभी इंतजाम किए जा चुके थे, लेकिन पाकिस्तान में बोर्डिंग से ठीक पहले वहां की सरकार ने एनओसी को लेकर उन्हें रोक दिया। उनका कहना है कि भारत का वैध वीजा होने के बावजूद एनओसी की मांग किया जाना उचित नहीं है।