चार तरीकों से 112 नंबर से करें संपर्क
1. स्मार्ट फोन पर 112 इंडिया मोबाइल एप लोड करना होगा। पैनिक बटन दबाने के साथ ही रिस्पांस केंद्र सेटेलाइट के जरिये संपर्क में आ जाएंगे।
2. जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है, वह साधारण मोबाइल पर 5 या 9 में से किसी एक नंबर को लंबे समय तक दबाए रखें। इस प्रक्रिया से 112 ईआरएसएस का सेंटर खुद सक्रिय हो जाएगा और जीपीएस से लोकेशन पता कर लेगा।
3. लैंड लाइन से सीधे 112 नंबर डायल कर संपर्क किया जा सकता है।
4. वेबसाइट के जरिये भी 112 नंबर टाइप कर रिस्पांस केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।
दुष्कर्मियों को ट्रैक करने का पोर्टल भी लांच
गृहमंत्री राजनाथ सिंह और महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने 112 ईआरएसएस के साथ सुरक्षित शहर और दुष्कर्मियों को ट्रैक करने संबंधी पोर्टल का भी आगाज किया। इनवेस्टिगेशन ट्रैकिंग सिस्टम फॉर सेक्सुअल ऑफेंडर (आईटीएसएसओ) और सेफ सिटी इंप्लीमेंटेशन पोर्टल के जरिये महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की योजना है।
इसके अलावा गृह मंत्रालय ने निर्भया फंड के तहत 78.86 करोड़ रुपया जारी किया है। इससे चार फॉरेंसिक साइंस केंद्रों में डीएनए परीक्षण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
महिला को सुरक्षित वातावरण देने के लिए सिर्फ पुलिस और न्यायिक व्यवस्था की मजबूती नहीं, मानसिकता में भी बदलाव की जरूरत है। सभी लोग मिलकर देश में महिलाओं को सम्मान और सुरक्षित माहौल दे सकते हैं। - राजनाथ सिंह, गृहमंत्री