फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केजरीवाल का फरमानः एक सप्ताह में तैयार करें 10 गारंटी की कार्ययोजना

Thu, 20 Feb 2020 05:14 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली कैबिनेट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वह विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ से जारी किए गए गारंटी कार्ड को पूरा करने के लिए एक सप्ताह में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। इसमें योजनाओं के बजट और उसे पूरा करने की पूरी रूपरेखा होगी। इसके आधार पर सरकार आगामी बजट सत्र में बजट आवंटित करेगी।

विज्ञापन


दिल्ली सचिवालय में अपने कैबिनेट सहयोगियों, सचिवों व विभागाध्यक्षों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिए। योजनाओं को लागू करने में आने वाली अड़चनों पर भी बात की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में सभी 10 गारंटी पर विस्तार से बात हुई। सभी विभागीय प्रमुखों और सचिवों से शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सुरक्षा, पानी, यातायात, प्रदूषण से मुक्ति की गारंटी पर चर्चा की गई। 

विभागीय प्रमुखों को अपने विभाग से संबंधित गारंटी को लागू करने के लिए एक सप्ताह में अपना एक्शन प्लान बनाना है। इसमें गारंटी को लागू करने का समय और बजट बताना है। साथ ही इसके क्रमिक विकास का भी ब्योरा होगा कि साल दर साल संबंधित योजना का कितना हिस्सा पूरा हो जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद एक-एक विभाग के साथ बैठक की जाएगी, उसमें अधिकारी योजना का प्रजेंटेशन देंगे। आगे बजट में संबंधित योजना के खर्च के लिए राशि आवंटित की जाएगी।
विज्ञापन


विभाग नहीं रखने पर केजरीवाल की सफाई
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग पूछ रहे हैं कि उनके पास कोई विभाग नहीं है। पिछली बार भी सरकार बनने पर कोई विभाग नहीं था। जल विभाग बाद में लेना पड़ा था। केजरीवाल ने बताया कि विभाग नहीं होने से सभी मंत्रियों के काम की मॉनिटरिंग व तालमेल रखने में आसानी होती है। दिल्ली के लोगों ने बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। इसे पूरा करने के लिए कोई विभाग अपने पास नहीं रखा है। विभाग विशेष में फंसने से बड़ा काम पूरा करने में समस्या आती है। 

24 से 26 फरवरी तक विधानसभा सत्र 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में तय किया गया है कि 24 से 26 फरवरी तक विधानसभा का सत्र होगा। इसमें विधायकों को शपथ आदि दिलाने से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। उधर, अधिकारियों का कहना है कि प्रोटेक्म स्पीकर पहले दिन विधायकों को शपथ दिलाएगी, जबकि दूसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष का चयन करने के साथ उपराज्यपाल का अभिभाषण होगा। तीसरे दिन अभिभाषण पर चर्चा और मुख्यमंत्री का धन्यवाद प्रस्ताव सदन में पेश किया जाएगा।

विज्ञापन

10 गारंटी 

1. जगमगाती दिल्ली
-सभी को 24 घंटे बिजली,  200 यूनिट मुफ्त बिजली की योजना जारी रहेगी
-तारों के जंजाल का अंत, हर घर तक अंडर ग्राउंड केबल से पहुंचेगी बिजली

2. हर घर नल का जल
-हर घर 24 घंटे शुद्ध पीने के पानी की सुविधा
-हर परिवार को 20 हजार लीटर मुफ्त पानी की योजना जारी रहेगी

3. देश की सबसे बेहतर शिक्षा व्यवस्था
-दिल्ली के हर बच्चे के लिए विश्वस्तरीय शिक्षा की व्यवस्था होगी

4. स्वास्थ्य सेवाएं
-सस्ती, सुलभ और बेहतरीन इलाज की सुविधा से लैस दिल्ली  
-दिल्ली के हर परिवार को आधुनिक अस्पतालों और मोहल्ला क्लीनिक के जरिये इलाज की समुचित व्यवस्था  

5. सबसे बड़ी और सस्ती शहरी सरकारी यातायात व्यवस्था
-11 हजार से अधिक बसें और 500 किमी से ज्यादा लंबी मेट्रो लाइनें
-महिलाओं के साथ-साथ छात्रों को भी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा

6. प्रदूषण मुक्त दिल्ली
-वायु प्रदूषण के स्तर को कम से कम 3 गुना घटाने का लक्ष्य
-2 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाकर बनाई जाएगी ग्रीन दिल्ली  
-स्वच्छ और अविरल होगी यमुना की धारा 

7. स्वच्छ एवं चमचमाती दिल्ली
-दिल्ली को कूड़े और मलबे के ढेरों से मुक्ति दिलाई जाएगी और हरियाली बढ़ाई जाएगी

8. महिलाओं के लिए सुरक्षित दिल्ली
-सीसीटीवी कैमरा, स्ट्रीट लाइट्स और बस मार्शल के साथ-साथ मोहल्ला मार्शल की भी होगी तैनाती

9. मूलभूत सुविधायुक्त कच्ची कॉलोनियां
-सभी कच्ची कॉलोनियों में होगी रोड, पीने का पानी, सीवर, मोहल्ला क्लिनिक और सीसीटीवी की सुविधा

10. जहां झुग्गी, वहीं मकान
-हर झुग्गीवासी को दिया जाएगा पक्का मकान
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें