मोहब्बत में जब किसी को दिल की बात कहने के लिए शब्द नहीं मिलते। वह तोहफे के जरिए ही अपने दिल की बात कह देना चाहता है। दिल की बात को साथी तक पहुंचाने के लिए बाजार में दुकानों पर भी खूबसूरत तोहफे आ गये हैं।
साइबर सिटी की एमजी रोड की आर्चीज गैलरी से लेकर सदर बाजार की गिफ्ट दुकानें तक गिफ्ट से सज चुकी हैं। वेलेंटाइन वीक में साथी का खुश करने के लिए हर कीमत में गिफ्ट मौजूद है।
रोज डे से शुरुआत होने वाले वेलेंटाइन वीक दुकानदारों की प्राथमिकता में है। इसके लिए आर्टिफिशियल गुलाब और गोल गुलाब की भरमार है। जो 70 रुपये से लेकर 300 रुपये तक विभिन्न आकार में मौजूद है।
इसके अलावा मेटेलिक हार्ट, मेटेलिक मग, म्यूजिकल हार्ट, म्यूजिकल साफ्ट ट्वायज, लव बर्ड, वेलेंटाइन स्पेशल कैंडल होल्डर, वेलेंटाइन डे स्पेशल की, चैन, ज्वैलरी, ज्वैलरी बॉक्स, हार्ट शेप फोटो फ्रेम, म्यूजिकल बॉल विद साफ्ट ट्वायज, कपल इन वॉटर बॉल, वेलेंटाइन डे स्पेशल परफ्यूम, हार्ट शेप चॉकलेट जैसे कई आइटम मौजूद हैं।
वेलेंटाइन डे पर सामान की खरीदारी तो चल ही रही है। इसके साथ ही युवा इस पल को अधिक खुशनुमा बनाने के लिए स्पेशल केक भी तैयार करा रहे हैं। शहर की बेकरी की दुकानों पर इन दिनों खास वेलेंटाइन डे के लिए युवा केक तैयार करा रहे हैं।
सदर बाजार स्थित केक बेयरी के संचालक मनीष बताते है कि ऑर्डर पर वेलेंटाइन डे केक तैयार किया जा रहा है। अभी ज्यादा ऑर्डर नहीं आए है, लेकिन 14 फरवरी तक आने लगेंगे।
वेलेंटाइन डे पर बढ़ रहा है कारोबार
अर्चीज गैलरी और गिफ्ट शॉप संचालकों की मानें तो वेलेंटाइन डे पर महंगाई का कोई असर नहीं दिखता है। हर साल साइबर सिटी में करीब 25 फीसदी की दर से वेलेंटाइन डे पर कारोबार में इजाफा हो रहा है।
एमजी रोड स्थित अर्चीज गैलरी के संचालक मनीष यादव कहते हैं सबसे ज्यादा फूल, आभूषण, चॉकलेट, खिलौन, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गजट की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी होती है।
हर दिन के हिसाब से युवा गिफ्ट खरीदते हैं। गिफ्ट कॉर्नर के मालिक संजय आहूजा कहते हैं गुड़गांव में एमएनसी, बीपीओ और आईटी क्षेत्र में काम करने वाले युवा खर्च करने से परहेज नहीं करते हैं।
पांच हजार से लेकर अधिक गिफ्टों पर खर्च करते हैं। जबकि कॉलेज गोइंग यूथ की अधिकतम बजट चार-पांच हजार के बीच होता है।