- सीबीएसई ने असेसमेंट स्कीम में कोई बदलाव नहीं किया, प्रश्नपत्र का डिजाइन और मूल्यांकन प्रक्रिया बीते साल की तरह ही होगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2027 में होने वाली दसवीं व बारहवीं परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। सीबीएसई ने परीक्षा की तैयारी के लिए इन दोनों कक्षाओं के सैंपल क्वेशन पेपर और मार्किंग स्कीम जारी की है। विद्यार्थी विषयवार सैंपल पेपर और अंक योजना सीबीएसई की एकेडमिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि असेसमेंट स्कीम में कोई बदलाव नहीं किया है। प्रश्न पत्र का डिजाइन और मूल्यांकन प्रक्रिया बीते साल की तरह ही होगी।
सीबीएसई की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं फरवरी 2027 में शुरू होनी है। ऐसे में बारहवीं के 79 विषयों व दसवीं के 61 विषयों के सैंपल पेपरों को जारी किया गया है। इनसे विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र के स्वरूप, प्रश्नों के पैटर्न और समय प्रबंधन की तैयारी करने में मदद मिलेगी। वहीं, मार्किंग स्कीम से विद्यार्थियों को यह समझने में आसानी होगी कि उत्तरों का मूल्यांकन किस आधार पर किया जाएगा और किन प्रमुख बिंदुओं को उत्तर में शामिल करना जरूरी है।
सीबीएसई ने स्पष्ट कर दिया है कि 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए असेसमेंट स्कीम में कोई बदलाव नहीं किया है। बोर्ड के अनुसार प्रश्नपत्र का डिजाइन और मूल्यांकन प्रक्रिया 2025-26 के सत्र की तरह ही रहेगी। ऐसे में विद्यार्थी जारी किए गए सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम के आधार पर अपनी तैयारी को दिशा दे सकते हैं।
विद्यार्थी विषयवार सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम सीबीएसई की आधिकारिक अकादमिक वेबसाइट से डाउनलोड कर अपनी तैयारी शुरू कर सकते हैं।