ऑटो गिरोह की वारदात पर नकेल कसने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग ने खाका तैयार किया है। इसके लिए जल्द ही शहर में प्रीपेड ऑटो चलेंगे। पहले चरण में इलेक्ट्रॉनिक सिटी, सेक्टर-62 और बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से इसकी शुरुआत की जाएगी।
अगर यह प्रयोग सफल रहा तो पूरे जिले में व्यवस्था लागू हो जाएगी। इससे एक ऑटो चालक दूसरे रूट पर नहीं जा सकेगा और शहर में बिना सत्यापन के कोई ऑटो नहीं चला सकेगा।
हाल ही में डीयू की छात्रा को ऑटो में बैठाकर उसकी पिटाई करने व लूटपाट के मामले को पुलिस-प्रशासन और परिवहन विभाग ने गंभीरता से लिया है। ऑटो सवार बदमाशों को पकड़ने और उन पर लगाम लगाने के लिए ही प्रीपेड ऑटो चलाने का फैसला किया गया है।