डॉ. राजेंद्र भाटी ने देवली से आप विधायक प्रकाश जरवाल को मोटी रकम दी थी। ये रकम करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। डॉक्टर ने अपनी पत्नी के गहने मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखी थी। गहने गिरवी रखने के बाद डॉ. राजेंद्र भाटी ने करीब 16 लाख रुपये लिए थे। करीब 30 लाख रुपये की जमीन बेची थी। इसके बाद विधायक को पैसे दिए थे।
दक्षिणी जिला पुलिस की जांच में ये सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ये गहने अभी भी मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखी हुई है। दक्षिणी जिला पुलिस ने गहनों के बारे में पता करने के लिए मुथूट फाइनेंस को पत्र लिखा है। मालूम हो कि डॉ. राजेंद्र भाटी ने विधायक की ज्यादतियों से परेशान होकर 18 अप्रैल को अपने घर की छत पर खुदकुशी कर ली थी।
दक्षिणी जिला डीसीपी अतुल ठाकुर का कहना है कि विधायक पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। पुलिस इस बात के सुबूत जुटा रही है कि डॉ. राजेंद्र भाटी ने विधायक को कुल कितनी रकम दी थी। दक्षिणी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डॉ. राजेंद्र भाटी ने जब कपिल नागर के जरिए विधायक प्रकाश जरवाल को पैसे दिए थे, तब कुछ लोग उपस्थिति थे। ऐसे करीब पांच लोग पुलिस के सामने आ गए हैं। पुलिस ने इनको गवाह बना लिया है।
इनमें एक डॉ. भाटी का सहायक डॉक्टर देवधर भट्ट, तीन टैंकर वाले और एक राजेंद्र भाटी के परिवार का सदस्य है। विधायक ने जब पैसे मांगने के लिए डॉ. भाटी को फोन किया था तो वह फोन देवधर भट्ट ने ही उठाया था। विधायक ने राजेंद्र भाटी को फोन कर कहा था कि या तो वह पैसे दे दे, नहीं तो वह परलोक सिधार जाएगा।
दक्षिणी जिला पुलिस ने विधायक प्रकाश जरवाल व डॉ. राजेंद्र भाटी की इस फोन रिकॉर्डिंग को जब्त कर लिया है। डॉ. राजेंद्र भाटी के पांच टैंकर दिल्ली जल बोर्ड में लगे हुए थे। इनमें से तीन छोटे टैंकर और दो बड़े टैंकर थे। विधायक जरवाल दिल्ली जल बोर्ड का सदस्य था।
आरोप है कि वह जल बोर्ड में टैंकर लगवाने के नाम पर पैसे मांगता था। विधायक प्रकाश जरवाल को गिरफ्तार करने के बाद उपराज्यपाल ने उसे दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य पद से हटा दिया। पुलिस विधायक की संपत्ति के बारे में पता कर रही है।