नोएडा में गर्मी शुरू होते ही बिजली ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। एक बार फिर निगम के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
आधी रात में शहरवासियों की नींद उड़ रही है। बढ़ा हुआ तापमान घर के बारह परेशान कर रहा है, जबकि घर के अंदर बिजली कटौती से पसीना निकल रहा है। सुबह से लेकर देर रात तक अलग-अलग सेक्टरों में कटौती जा रही है।
सोमवार की सुबह 3.20 मिनट पर आवासीय सेक्टरों की लाइट गुल हो गई।
नींद में होने की वजह से पहले लोगों को पता नहीं चला, लेकिन कुछ ही देर में उमस ने सबकी नींद खोल दी। एक घंटे की घोषित कटौती के बाद 4.20 मिनट पर आपूर्ति सामान्य हो पाई। यह सुबह का ट्रेलर था।
दिन चढ़ने के साथ बिजली कटौती का दौर भी बढ़ता चला गया। इसमें आवासीय सेक्टरों के साथ औद्योगिक और संस्थागत क्षेत्र भी शामिल रहे। शाम छह बजे के बाद अधिकांश संस्थागत क्षेत्रों में जनरेटर धुआं उड़ाते दिखाई पड़े। बिजली कटौती आवासीय सेक्टरों में लगातार जारी रही। वहीं, औद्योगिक सेक्टरों में सुबह से देर रात तक थोड़ी-थोड़ी देर का कट लगा।
आवासीय सेक्टरों में एक घंटे की घोषित कटौती के अलावा दो-दो घंटे के अघोषित कट भी लगे। पश्चिमांचल विद्युत निगम के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर अरविंद राजवेदी ने बताया कि मुख्यालय से आए आदेश के बाद एक घंटे का कट डिस्ट्रीब्यूशन डिवीजन की ओर से लिया गया। दिन में कोई कटौती नहीं हुई, हालांकि सेक्टर बीस में ओवरलोडिंग की वजह से एक बार ट्रिप जरूर हुआ, लेकिन उसे तुरंत ठीक कर दिया गया।