विद्युत सप्लाई ठप होने से रविवार को छह घंटे तक प्रताप विहार गंगाजल प्लांट का संचालन बाधित रहा। इस दौरान जल निगम ने जनरेटर के जरिए महज एक मोटर चलाकर सप्लाई दी।
इसके चलते नोएडा और टीएचए की कालोनियों में रविवार शाम आधी गंगाजल सप्लाई मिल सकी। हालांकि दो बजे के बाद बिजली आपूर्ति सुचारु होने पर दोनों मोटर चलाकर सप्लाई शुरू कर दी गई। प्लांट अफसरों का कहना है कि सोमवार सुबह दोनों क्षेत्रों को पूरी सप्लाई मिलेगी।
रविवार सुबह आठ बजे मुरादनगर बिजली घर में फाल्ट की वजह से प्रताप विहार गंगाजल प्लांट बंद हो गया। हालांकि आधे घंटे बाद ही जल निगम ने जनरेटर चलाया, लेकिन इससे दो में से केवल एक मोटर चल सकी।
इस दौरान टीएचए और नोएडा को आधी सप्लाई मिल सकी। गंगाजल प्लांट प्रभारी आरके अग्रवाल ने बताया कि जनरेटर पर प्लांट की केवल एक मोटर ही चलाई जाती है।
दोपहर दो बजे लाइट आई इसके बाद दोनों मोटर चलाकर गंगाजल सप्लाई शुरू कर दी गई। शाम को अतिरिक्त सप्लाई भी दी गई। उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह टीएचए और नोएडा को पूरी सप्लाई दी जाएगी।