ठंड बढ़ते ही बिजली संकट आ गया है। उपभोक्ताओं को सोमवार के दिन कई बार बिजली कटौती सहनी पड़ी।
कॉलोनियों में ट्रिपिंग की समस्या ने उपभोक्ताओं को परेशान किया। सोमवार को मौसम में बूंदाबांदी होने के बाद सर्दी में इजाफा हो गया।
कड़ाके की सर्दी शुरू होते ही बिजली ने साथ छोड़ दिया। रविवार को दिन में कई बार बिजली गुल हुई। सोमवार को भी यह सिलसिला जारी रहा।
शहर की दर्जनभर कॉलोनियों में ट्रिपिंग की समस्या सामने आई। शिकोहपुर, खोह, मानेसर, बंधवाड़ी, रिठौज, घामड़ोज, पंचगांवा, कालियावास, कासन, खेड़की सहित अन्य गांव में कई घंटे तक बिजली गुल रही।
शहर में शीतला कॉलोनी, शिव कॉलोनी, अशोक विहार, भीम नगर, संजयग्राम, राजेंद्रा पार्क सहित कई अन्य कॉलोनियों में बिजली ने लोगों को सताया।
सोमवार को सबसे लंबा बिजली कट सहना पड़ा। बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को तकनीकी खामियों के कारण दिक्कतें आई थीं। कुछ जगह एरियल बंच्ड केबल जल गई।
ऐसे में ओस की बूंद गिरने से ट्रिपिंग की समस्या गहरा रही है। निगम से मिली जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह में बिजली की औसतन मांग करीब एक करोड़ 60 लाख यूनिट तक थी।
रविवार को यह आंकड़ा एक करोड़ 70 लाख तक पहुंच गया।