संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिवाली से पहले धूल और बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। आंखों में एलर्जी से जलन, लालिमा और खुजली हो रही है। वहीं अस्थमा व सांस के रोगियों को भी दिक्कतें होने लगी हैं। मरीज डॉक्टर से सलाह लेने अस्पताल पहुंच रहे हैं।
सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल की नेत्र ओपीडी में रोजाना करीब 150 मरीज आते हैं। इनमें से लगभग पांच से आठ मरीजों को प्रदूषण के कारण आंखों में समस्या होती है। डॉक्टरों के अनुसार, हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण आंखों में जलन व एलर्जी पैदा कर सकते हैं। इससे आंखें लाल होना, खुजली और पानी आने जैसी शिकायतें होती हैं। यदि पानी से आंख धोने के बाद भी समस्या बनी रहे, तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विभाग की नूपुर ने बताया कि प्रदूषण के कारण अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। बाहर जाते समय धूप के चश्मे या पारदर्शी गॉगल्स पहनें। आंखों में जलन या खुजली होने पर उन्हें रगड़ें नहीं, इससे कॉर्निया को चोट लग सकती है। घर लौटने पर साफ पानी से चेहरा और पलकें धोएं। आंखों को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त पानी पिएं। डॉक्टर की सलाह से लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स का उपयोग करें।