नई दिल्ली।
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपने नेताओं पर होने वाली हर आर्थिक जांच को राजनीतिक रंग देकर आगामी चुनाव से जोड़ देती है। उन्होंने कहा कि जैसे ही किसी आप नेता पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई होती है, तो टीम अरविंद केजरीवाल उसे चुनावी साजिश बताने लगती है। सचदेवा ने कहा कि पंजाब की जनता पिछले चार वर्षों से कथित लूट और उगाही से परेशान है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि यह जवाब भाजपा को नहीं, बल्कि केजरीवाल सरकार को मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल खुद आयकर विभाग में रह चुके हैं, ऐसे में उन्हें पता होना चाहिए कि प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियां बिना प्रारंभिक जांच के कार्रवाई नहीं करतीं। भाजपा नेता के मुताबिक, आप नेता बड़े कारोबारी है और उन पर छापे सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन इसे जानबूझकर राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
वहीं भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने पंजाब के उद्योगपति अशोक मित्तल पर हुई ईडी रेड के बाद भगवंत मान, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और आतिशी की प्रतिक्रिया पर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि इस मामले के तार व्यापक रूप से पार्टी से जुड़े हो सकते हैं।