लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के साथ ही प्रचार-प्रसार का रंग होली के त्योहार पर भी चढ़ने लगा है। 21 मार्च को होली पर इस बार होलियार जहां फ्रूट रंगों की वर्षा करेंगे, वहीं मोदी, राहुल और अरविंद केजरीवाल मुखौटा पहन होली खेलेंगे।
बाजारों में बिक रहे होली के रंग व पिचकारियों पर चुनावी चौपाल का असर साफ दिखने लगा है। ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी एक, तीन और पांच, सेक्टर सात, नौ सहित बड़े बाजारों में मिल रही पिचकारियों में मोदी के मुखौटे दुकानों पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। हालांकि, राहुल और केजरीवाज की पिचकारी इस बार बाजार में बेहद कम है।
होली आने में एक सप्ताह रह गया है। चुनावी घोषणा होने के साथ ही बाजार भी होली के रंग में रंगने लगा है। त्योहार के पहले ही बाजार में रंगों और पिचकारियों की स्टालें सज गई हैं। रंगीले अंदाज में अपनों पर रंग गुलाल उड़ाने के लिए सब तैयार हैं।
हर्बल, मुर्गा, पतंग छाप गुलाल भी हैं। ओल्ड फरीदाबाद मार्केट के दुकानदार विनोद ने बताया कि युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए इस बार अलग-अलग नामों से रंग और पिचकारी बाजार में उतारे गए हैं। यहां 10 से 600 रुपये तक की पिचकारी मौजूद हैं। मुखौटे 150 से 500 रुपये तक में उपलब्ध हैं।