कंटेनमेंट जोन और हॉटस्पॉट में ड्यूटी करने वाले पुलिस के जवानों को पर्सनल प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट (पीपीई) किट मुहैया कराई जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने पीपीई किट के संबंध में पुलिसकर्मियों को इस्तेमाल की जानकारी भी दी। कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने कई इलाकों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसवालों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की नसीहत भी दी।
सदर बाजार इलाके में लगातार कोरोना मरीज मिलने के बाद पूरे इलाके को सील कर सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। यहां पुलिसवालों को पीपीई किट मुहैया कराई जा रही है। वह पीपीई किट पहनने के बाद ही इलाके में ड्यूटी दे रहे हैं। हालांकि पीपीई किट की उपलब्धता कम है और इसे हर पुलिसकर्मी तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है।
अधिकारियों का दावा है कि वे ज्यादा से ज्यादा पुलिसकर्मियों को पीपीई किट मुहैया कराने का प्रयास कर रहे हैं। देश में पहली प्राथमिकता डॉक्टरों को पीपीई किट देने की है। उधर, सदर बाजार इलाके के अलावा दूसरे हॉटस्पॉट में भी पुलिसवाले पीपीई किट का इस्तेमाल कर रहे हैैं।
व्यापारियों ने दीं 500 पीपीई किट
गांधीनगर पुलिस को इलाके के व्यापारियों ने रविवार को 500 पीपीई किट मुहैया कराई हैं। थाने के एसएचओ अनिल मलिक ने कहा कि ये किट इलाके में ड्यूटी देने वाले पुलिसकर्मियों को दी जाएंगी।