दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे पर बारिश के दौरान गाड़ी खराब होने पर उसे लॉक कर गायब होने वालों की खैर नहीं है। होंडा चौक पर लगे महाजाम के बाद उपायुक्त ने पुलिस आयुक्त को एक पत्र लिखकर कहा है कि यदि कोई भी लॉक कार मिलती है तो पुलिस उसका शीशा तोड़कर हटवाएगी। वाहन मालिक की ओर से किसी तरह का क्लेम किया जाता है तो उसे भुगतने की जिम्मेवारी उपायुक्त की होगी।
बारिश के पानी को बादशाहपुर ड्रेन से निकलवाने की कवायद में प्रशासन लगा हुआ है। 7 जुलाई तक उसे पूरे उपाय लागू हो जाने की उम्मीद है। उससे पहले अगर बारिश हो गई तो पानी के जमाव की स्थित आ सकती है। चार दिन पहले प्री मानसून के दौरान एक्सप्रेस वे पर लगे जाम के पीछे वाहन खराब होना पाया गया। जिस समस्या से निबटने के लिए उपायुक्त हरदीप सिंह ने पुलिस को यह अधिकार दिया है कि एक्सप्रेस-वे पर कहीं पर यदि कोई वाहन बारिश में लॉक करके जाता है तो मौके पर मौजूद पुलिस उसका शीशा तोड़कर उसे हटवा कर ट्रैफिक को सुगम बनाएगी। वाहन मालिक की ओर से किसी तरह का क्लेम किया जाता है तो उसे भुगतने का जिम्मा जिला मजिस्ट्रेट का होगा।
बारिश के बाद दूर होगी बाधा
प्रशासन की ओर से 34 मकानों को चिन्हित किया जा चुका है। जिसमें से एक मकान हटाकर पाइप सिस्टम लगाया जा रहा है। जिसे बारिश तक लागू किया जाएगा। बारिश के बाद अन्य अतिक्रमण हटाकर उसे पूरी तरह से ठीक किया जाएगा।
इसे भी जाने
: होंडा चौक पर पानी के न जमा होने के लिए बादशाहपुर ड्रेन को साफ किया जा चुका है।
: बादशाहपुर से होंडा चौक तक 1700 क्यूसिक पानी आने की क्षमता है। खाड़सा गांव में यह क्षमता 500 क्यूसिक हो जाती है। जबकि आगे जाकर नजफगढ़ ड्रेन तक यह क्षमता 1700 क्यूसिक हो जाती है।
: खाड़सा गांव से पानी आगे निकालने के लिए अलग-अलग पंप व सिस्टम लगाए जा रहे हैं। जिसमें 80 क्यूसिक पानी निकलने की क्षमता बढ़ गई है।
: 7 जुलाई तक अन्य सिस्टम लागू हो जाएगा।
: सेक्टर-34 में जलभराव न हो इस पर पानी के फ्लो को आगे निकाला जा रहा है।
महाजाम से अब तक की कवायद
: छह माह में तो जलभराव का कारण तलाशा गया।
: तीन माह में योजना तैयार की गई और तीन माह से काम चल रहा है।
होंडा चौक के जलभराव व जाम में क्या है बाधा
: होंडा चौक फ्लाईओवर का निर्माण 24 मई तक होना था। उसके बाद 30 जून हुआ और अब 15 जुलाई तक चालू होने की उम्मीद है।
: यहां पर बनने वाले अंडर पास के निर्माण में छह माह का समय लगेगा।
: खाड़सा गांव में 34 भवन न हटना प्रमुख कारण है।
: ट्रैफिक पुलिस की स्वीकृत संख्या 138 है। जबकि डीजीपी व मुख्यमंत्री साल भर से 1000 सिपाही दे रहे हैं।
होंडा चौक पर जलभराव न हो और न ही जाम की स्थिति पैदा हो, इसके लिए सभी पहलू पर काम चल रहा है। जाम का प्रमुख कारण खराब गाड़ी व उसे लॉक कर भाग जाना पाया गया। जिसके तहत पुलिस के लिए अलग अधिकार दिया गया है। जो एक्सप्रेस वे पर लागू होगा।
- हरदीप सिंह, उपायुक्त, गुरुग्राम।