police use swipe machine
शुक्रवार को एसएसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने डेबिट, क्रेडिट कार्ड के जरिये स्वाइप मशीनों से जुर्माना भरने की व्यवस्था की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मोबाइल एप से ई-चालान की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। फिलहाल 56 ट्रैफिक पुलिसकर्मी मोबाइल ऐप से वाहनों के चालान काट रहे हैं।
मई महीने में ही मोबाइल एप से 30 हजार चालान काटे जा चुके हैं। डिजिटलाइजेशन की तरफ एक कदम और बढ़ाते हुए अब कैशलेस जुर्माना भुगतान करने की व्यवस्था की गई है। फिलहाल 20 स्वाइप मशीन एचडीएफसी बैंक की तरफ से मुहैया कराई गई हैं।
एसपी ट्रैफिक, जिले के सभी क्षेत्राधिकारी कार्यालय और सात ट्रैफिक इंस्पेक्टरों के पास ये मशीनें होंगी। क्रेडिट व डेबिट कार्ड का प्रयोग कर मशीन की मदद से जुर्माना वसूला जाएगा जो सीधे ट्रेजरी में ट्रांसफर हो जाएगा। जुर्माना भरने के लिए पहुंचने वालों को सुविधा मिलने के साथ सिस्टम में पारदर्शिता भी आएगी।